सीएम मनोहर लाल बोले, भाजपा की जिद, पढ़े लिखे युवाओं को मिले नौकरी Panipat News
इसराना की धरती पर कांग्रेस और इनेलो पर तगड़ा हमला बोला। कांग्रेस की चिड़िया उड़ने की बात कही।।
पानीपत, जेएनएन। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि पूर्व की सरकारों में थ्री-जे सिस्टम (जिला, जाति और झोला) देख नौकरियां मिलती थी। भाजपा सरकार ने थ्री-जे को चौथे-जे (जोहड़) में फेंक दिया है। आज पढ़े-लिखे और योग्य युवाओं को नौकरी मिलती है। भाजपा की यह जिद आगे भी जारी रहेगी। वह शुक्रवार को परिवहन मंत्री एवं प्रत्याशी कृष्णलाल पंवार के समर्थन में बलाना गांव की अनाज मंडी में चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और इनेलो पर तगड़ा हमला बोला। साथ ही कांग्रेस की चिड़िया उड़ने की बात कही। उन्होंने कहा कि पहले बेरोजगारो और जरूरतमंदों को कुछ लोग गुलाम बनाकर रखते थे। उनसे रैलियों में गाड़ियां मंगवाते और भीड़ जुटाते थे। इसके बाद भी कुछ नहीं देते थे। भाजपा ने प्रदेश का माहौल बदला है। रैलियों में लोग प्रेम से आते हैं। प्रदेश को 48 सालों की तुलना में इन पांच सालों में कई गुना अधिक मिला है। पहले चुनाव के 10-15 दिन पहले सरकार बनाने का माहौल पता चलता था। इस बार छह महीने पहले ही लोगों ने भाजपा की सरकार दोहराने का फैसला ले लिया।
उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि आप कृष्ण लाल पंवार को जिता दो, दोबारा मंत्री मैं बना दूंगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के न खाऊंगा और न खाने दूंगा के नारे से प्रेरणा लेकर प्रदेश में खाया पीया भी बाहर निकालने की तैयारी कर दी है। प्रदेश से भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म कर दिया जाएगा।
सरकार ने ऑनलाइन सिस्टम को अपना लिया है। दलाल, बिचौलियों और कमीशन एजेंटों की दुकान बंद करा उनके कुर्ते-पायजामे खूंटी पर टंगवा दिए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने अध्यक्ष तक का सिर फोड़ दिया। वह अध्यक्ष का पता लेने अस्पताल में गए तो मोटी-मोटी आंसू दिखा दुखड़ा सुनाना शुरू कर दिया। अब उनका दांव लगा तो अध्यक्ष ने भी कसर नहीं छोड़ी।