हत्या में इस्तेमाल बाइक और मोबाइल फोन बरामद, आरोपित जेल भेजे
भारत नगर के अशोक की हत्या के मुख्य आरोपित जींद के करसिधू गांव के दीपक जोशी गांव के अजीत व सोमबीर की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बाइक व तीन मोबाइल फोन बरामद किए।
जागरण संवाददाता, पानीपत : भारत नगर के अशोक की हत्या के मुख्य आरोपित जींद के करसिधू गांव के दीपक, जोशी गांव के अजीत व सोमबीर की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बाइक व तीन मोबाइल फोन बरामद किए। तीनों आरोपितों को रिमांड के बाद अदालत में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। इस मामले की जांच कर रहे पुराना औद्योगिक थाने के कार्यकारी प्रभारी राजपाल सिंह ने बताया कि आरोपितों ने वारदात में इस्तेमाल बेल्ट को नहर में फेंक दिया था। इस हत्याकांड में शामिल अशोक की पत्नी सोनू व भाभी ऊषा को पुलिस पहले ही जेल भिजवा चुकी है। यह है मामला
पुलिस के अनुसार दीपक के अशोक की भाभी ऊषा के साथ संबंध थे। अशोक प्लाट नहीं बेच रहा था। इससे उसकी भाभी एवं ऊषा व पत्नी सोनू खफा थीं। दोनों बहनों ने अशोक की हत्या की साजिश रची। ऊषा ने प्रेमी दीपक को झांसा दिया कि अशोक की हत्या के बाद उससे शादी कर लेगी। दीपक ने दो दोस्तों के साथ मिलकर अशोक की हत्या की और वीडियो बनाया। बाद में ऊषा ने दीपक को पति राजू की भी हत्या करने को बोला। राजू की हत्या नहीं की। इसके बाद सोनू ने दीपक के खिलाफ थाने में पति की हत्या का मामला दर्ज करा दिया। पुलिस ने आरोपित दीपक को गिरफ्तार किया तो हत्याकांड के राज से परादा हट गया।