Bhai Dooj 2021: भैया दूज पर बाजारों में दिखी रौनक, बसों में सवारियों की मारामारी
बाजार में शनिवार को सुबह ही चहल कदमी बढ़ गई थी। लोगों ने अपनी बहनों के लिए मिठाई और गिफ्ट खरीदे। वे सुबह ही उनके पास पहुंच गए। तिलक कराकर बहनों को गिफ्ट दिए। बहनों के घर जाने के चलते सड़कों पर भी वाहनों की लाइन लगी रही।
कुरुक्षेत्र, जागरण संवाददाता। Bhai Dooj 2021: भैया दूज जिले में हंसी खुशी के साथ मनाया। सुबह ही भाई अपनी बहनाें के घर पहुंचे और तिलक कराकर उनकी रक्षा का प्रण लिया। बसों और अन्य वाहनों में सुबह से भीड़ रही। कुरुक्षेत्र रोडवेज डिपो में सबसे अधिक दबाव कैथल और यमुनानगर रूट पर रहा। यमुनानगर के लिए डिपो से 15 और कैथल के लिए 12 बसें जा चुकी हैं। इसके अलावा कैथल डिपो की 7 बसें और यमुनानगर की तीन बसें आ चुकी हैं। इनके के बीच प्राइवेट बसें भी चल रही हैं।
बाजार ने बढ़ी चहल कदमी
बाजार में शनिवार को सुबह ही चहल कदमी बढ़ गई थी। लोगों ने अपनी बहनों के लिए मिठाई और गिफ्ट खरीदे। वे सुबह ही उनके पास पहुंच गए। तिलक कराकर बहनों को गिफ्ट दिए। बहनों के घर जाने के चलते सड़कों पर भी वाहनों की लाइन लगी रही। बसों में सवारियों की मारामारी खूब रही। बस स्टैंड परिसर में टिकट काउंटर पर लाइन लगवानी पड़ी। इसके बाद टिकट दी गई। ड्यूटी इंस्पेक्टर राजेश कुमार व कुलदीप सिंह ने बताया कि बसों में सामान्य दिनों से अधिक यात्री हैं।
भगवान से भाई की लंबी उम्र की कामना की
बहन व भाई का रक्षाबंधन के बाद भाई दूज का दूसरा बड़ा पर्व है। बहनों ने सुबह स्नान करने के बाद अपने ईष्ट देव, भगवान विष्णु या गणेश की पूजा की। इसके साथ दिन भाई के हाथों में सिंदूर और चावल का लेप लगाने के बाद उस पर पान के पांच पत्ते, सुपारी और चांदी का सिक्का रखा। उसके हाथ पर कलावा बांधकर जल उड़ेलते हुए भाई की दीर्घायु के लिए मंत्र पढ़ें। कहीं पर बहनों ने अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी आरती उतारी। भाई का माखन-मिश्री और मिठाई से मुंह मीठा करवाया। आखिर में उसकी आरती उतारी गई। कई जगह भाई और बहन ने एक साथ भोजन किया और उपहार भेंट किए।