Move to Jagran APP

बरोदा विधायक इंदुराज ने कहा, सरकार क्यों नहीं दे रही किसानों को हक

बरोदा से हाल में जीते कांग्रेस विधायक इंदुराज कुछ समय करनाल में रुके। पत्रकार वार्ता में तमाम मुद्दों को लेकर केंद्र व प्रदेश सरकार पर इंदुराज ने निशाना साधा। उन्‍होंने कहा किसान अपना हक मांग रहे हैं। केंद्र सरकार को आगे आना चाहिए।

By Anurag ShuklaEdited By: Published: Tue, 01 Dec 2020 03:48 PM (IST)Updated: Tue, 01 Dec 2020 03:48 PM (IST)
बरोदा विधायक इंदुराज ने कहा, सरकार क्यों नहीं दे रही किसानों को हक
बरोदा से हाल में जीते कांग्रेस विधायक इंदुराज।

पानीपत/करनाल, जेएनएन। बरोदा के नवनिर्वाचित कांग्रेस विधायक इंदुराज नरवाल ने कहा कि अपना हक मांग रहे किसानों के प्रति किसी दुर्भावना से टिप्पणी किया जाना कतई सही नहीं है। किसी को भी ऐसा नहीं करना चाहिए। वह किसान के बेटे हैं और हमेशा उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। उनके अधिकारों की अनदेखी कायम रही तो हर सीमा तक किसानों के संघर्ष में मिलकर आवाज बुलंद करेंगे।

loksabha election banner

कांग्रेस विधायक मंगलवार को चंडीगढ़ जाते समय कुछ देर के लिए करनाल में पार्टी के वरिष्ठ नेता सुरेंद्र नरवाल के आवास पर रुके। इसी दौरान संवाददाताओं से वार्ता में उन्होंने कहा कि किसान अपनी जायज मांगों को उठा रहे हैं। लेकिन केंद्र और प्रदेश सरकार उनकी लंबे समय से अनदेखी कर रही हैं। प्रदेश में छह वर्ष से सत्ता सुख भोग रही भाजपा के शासन में घोटालाें की बाढ़ आ चुकी है। किसान हों या इस प्रदेश के युवा, सब परेशान हैं। विकास की गति पूरी तरह थम गई है। जबकि, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के शासनकाल में हर वर्ग की प्रगति हो रही थी। वह इन्हीं मुद्दों पर चुनाव लड़े और जीते भी। अब उनका पुरजोर प्रयास यही है कि अपने विधानसभा क्षेत्र बरोदा में पहले से लंबित विकास कार्यों को दोगुनी रफ्तार से आगे बढ़ाएं और नई परियोजनाएं भी लाएं ताकि क्षेत्रवासियों को इसका चहुंमुखी लाभ मिल सके।

एक सवाल के जवाब में विधायक नरवाल ने कहा कि बेशक उन्होंने चुनावी मुकाबले में अंतरराष्ट्रीय पहलवान योगेश्वर दत्त को पटखनी दी लेकिन खेल और खिलाड़ियों के प्रति उनका समर्पण हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता पर रहा है। खुद उनके गांव से कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अर्से से पूरी दुनिया में अपनी माटी का नाम रोशन कर रहे हैं। हरियाणा में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के कार्यकाल में खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में लेने के साथ हर स्तर पर भरपूर प्रोत्साहन दिया गया। लेकिन आज तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है। जगह जगह घोटाले हो रहे हैं। सीएम सिटी करनाल में भी इससे जुड़ी शिकायतें लगातार सिर उठाती रहती हैं। वह इन्हें लेकर पूरी तरह गंभीर हैं और हर स्तर पर आवाज उठाएंगे। युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए भी तमाम जरूरी कदम उठाए जाएंगे, चाहे इसके लिए किसी भी सीमा तक संघर्ष क्यों न करना पड़े।

छह महीने तक प्रतीक्षा

कांग्रेस विधायक नरवाल ने बताया कि चुनाव जीतने के बाद वह मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मिले और उनके सामने अपने हलके की समस्याओं और मांगों को प्रमुखता से रखा। इस पर मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया है कि जल्द ही सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा और मांगें भी अवश्य पूरी होंगी। इसे देखते हुए वह कम से कम छह माह तक उनके आश्वासन पूरे होने की प्रतीक्षा करेंगे। यदि तब भी स्थिति नहीं बदली तो वरिष्ठ पार्टी नेताओं से मार्गदर्शन लेकर आवाज बुलंद की जाएगी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.