बार एसोसिएशन चुनाव : नामांकन से पहले ही उम्मीदवारों का प्रचार
जागरण संवाददाता पानीपत जिला बार एसोसिएशन पानीपत के चुनाव 6 नवंबर को होने हैं। नामांकन क
जागरण संवाददाता, पानीपत : जिला बार एसोसिएशन पानीपत के चुनाव 6 नवंबर को होने हैं। नामांकन की तारीख 26 अक्टूबर है। 16 सितंबर को किए गए नामांकन भी मान्य होंगे, इसके चलते चैंबरों में चुनावी सरगर्मी बढ़ गई हैं। उम्मीदवारों ने वकीलो के साथ बैठक करते हुए, वोटों की गोटियां फिट करनी शुरू कर दी हैं।
दरअसल, बार काउंसिल ऑफ पंजाब एंड हरियाणा (स्टेट बार काउंसिल) ने ऑनलाइन चुनाव कराने की मंशा से 16 अक्टूबर को प्रधान सहित पांच पदों के लिए नामांकन कराए थे। ऑनलाइन चुनाव का विरोध करते हुए हाई कोर्ट के वकील स्टे ले आए। स्टेट बार काउंसिल ने 16 अक्टूबर को पुन: चुनावी शेड्यूल जारी किया। पहले किए नामांकनों को मान्यता देते हुए नए नामांकन की तारीख 26 अक्टूबर को सुबह 10 से शाम चार बजे तक बताई गई। हालांकि, चुनाव ऑनलाइन होंगे या ऑफलाइन, इसको लेकर वकीलों में संशय बना हुआ है। फेसबुक और वाट्सएप ग्रुप को माध्यम बनाया गया है। समर्थक प्रचार सामग्री को शेयर कर रहे हैं।
प्रधान पर पर मौजूदा प्रधान शेर सिंह खर्ब हैट्रिक के इरादे से 16 सितंबर को नामांकन कर चुके हैं। एडवोकेट सुरेंद्र दुहन, राज सिंह रावल और राकेश सैनी भी उन्हें टक्कर देने के लिए, वकीलों के साथ बैठकें कर रहे हैं।
स्टेट काउंसिल ने जारी किया शेड्यूल
26 अक्टूबर-सुबह 10 से शाम 4 बजे तक नामांकन।
26 अक्टूबर- शाम चार से पांच बजे तक नामांकन पत्रों की छंटनी।
27 अक्टूबर- सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक नाम वापसी।
06 नवंबर- सुबह नौ बजे से शाम 4:30 बजे तक मतदान।
06 नवंबर- शाम पांच बजे वोटों की गिनती शुरू, उसी दिन परिणाम।
16 सितंबर को हुए नामांकन
प्रधान पद- शेर सिंह खर्ब, सुरेंद्र दुहन, राज सिंह रावल और राकेश सैनी
उप प्रधान- डा. विकास रोहल और अनिल सिगला
सचिव- वैभव देशवाल, सुनील शर्मा
सह सचिव- संदीप भौक्कर, सौरव और अनिल भान
कोषाध्यक्ष- मनोज शर्मा, रोहतास