ऑफलाइन और ऑनलाइन चुनाव प्रचार, सोशल साइट पर हो रहा जमीनी जुड़ाव Panipat News
मतदान का दिन नजदीक आ रहा है। ऐसे में ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं से जुड़ाव के लिए ऑफलाइन के साथ-साथ ऑनलाइन प्रचार का सहारा लिया जा रहा है।
पानीपत/कुरुक्षेत्र, [पंकज आत्रेय]। हरियाणा में विधानसभा का चुनाव प्रचार ऑफलाइन हो या ऑनलाइन, महारथी कम समय में ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचने के प्रयास में जुटे हैं। ऑफलाइन यानी डोर-टू-डोर, चुनावी सभाएं और रैली करके तो हर पार्टी के स्टार प्रचारक मतदाताओं से जुड़ ही रहे हैं, सोशल साइट्स पर बराबर धुंआधार प्रचार हो रहा है। ट्विटर हो या फेसबुक या फिर वाट्सएप, सबपर अपडेट आ रहे हैं। इंटरनेट प्रचार में सबसे आगे भाजपा का वार रूम मजबूत नजर आ रहा है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल सबसे ज्यादा ट्रेंड हो रहे हैं तो कांग्रेस से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का ऑनलाइन प्रचार भी बराबर चल रहा है।
सोनाली, बबीता, योगेश्वर और संदीप भी हो रहे सर्च
हरियाणा के चुनावी रण में आदमपुर से उतरीं भाजपा की सोनाली फौगाट, चरखी दादरी से बबीता फौगाट, बरौदा से पहलवान योगेश्वर दत्त और पिहोवा से हाकी टीम कप्तान रहे संदीप सिंह भी गूगल पर सर्च हो रहे हैं। सबसे ज्यादा सर्च सोनाली फौगाट की जा रही हैं।
हर मिनट अपडेट हो रहा मनोहर का ट्विटर एकाउंट
ट्विटर को सोशल साइट्स में राजनीतिक पार्टियां और नेता खासतौर पर स्टार प्रचारक ज्यादा इस्तेमाल कर रहे हैं। फेसबुक और वाट्सएप पार्टी कार्यकर्ताओं की पोस्ट से भरे हुए हैं, लेकिन इससे प्रचार को कोई खास गति नहीं मिल रही है। ट्वीटर पर सबसे ज्यादा 84 प्रतिशत भरोसा नेता जता रहे हैं। इनमें सबसे आगे मुख्यमंत्री मनोहर लाल और भारतीय जनता पार्टी है। हर एक से तीन मिनट में उनकी अपडेट हो रही है।
कांग्रेस हुई लाइव
भाजपा की ही तरह हुड्डा की चुनावी रैलियां ट्विटर पर लाइव चलाई जा रही हैं। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ.अशोक तंवर के ट्विटर पर कोई चुनावी अपडेट नहीं हैं। पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद उन्होंने चुनाव से जुड़ी कोई पोस्ट नहीं डाली है। सामाजिक कार्यक्रमों में भागीदारी पोस्ट ही हैं। पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला वैसे तो ट्विटर पर सक्रिय रहते हैं, लेकिन हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर कम ही ट्वीट हैं। हां, प्रियंका गांधी वाड्रा और राहुल गांधी के ट्वीट को नियमित रूप से रीट्वीट कर रहे हैं।
गूगल पर भाजपा का दबदबा
विधानसभा चुनाव हरियाणा लिखते ही भाजपा का दबदबा साफ दिख जाता है। भाजपा के स्टार प्रचारक यहां भी छाए हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हों या उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ, मुख्यमंत्री मनोहर लाल सबसे ज्यादा ट्रेंड कर रहे हैं।