पानीपत में एक और हत्या, घर से चार सौ मीटर दूर कब्रिस्तान के पास फेंका शव
पानीपत में हत्या की वारदात नहीं रुक रही हैं। अब एक व्यक्ति की हत्या करके उसके घर से चार सौ मीटर दूर कब्रिस्तान के पास फेंक दिया गया। व्यक्ति पेशे से राज मिस्त्री था। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
पानीपत, जेएनएन। आट्टा निवासी राज मिस्त्री आस मोहम्मद उर्फ गुल्ला (32) की हत्या कर दी गई। शव बुधवार सुबह घर से करीब चार सौ मीटर दूर गांव के बाहर कब्रिस्तान के पास रास्ते में पड़ा मिला। हत्यारोपियों ने चेहरे व सिर पर नुकीली चीज से चोटें मारी। इस कारण चेहरा तक पुरी तरह से खत्म तक हो गया। पता तब चला, जब महिला मंदिर में पूजा के लिए गई। रास्ते में शव पड़ा देख सूचना ग्रामीणों को दी। एएसपी पूजा वशिष्ठ व थाना प्रभारी अंकित कुमार एफएसएल टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पिता के बयान पर केस दर्ज
मृतक के पिता इलियास ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसे दो लड़का व एक लड़की है। बड़ा बेटा आस मोहम्मद राज मिस्त्री का काम करता था। जो मंगलवार शाम को साढ़े पांच बजे के करीब घर से किसी काम के लिए बाहर गया था। रात दस बजे तक भी वो वापस नहीं लौटा तो उन्होंने गांव में काफी तलाश की। लेकिन कोई पता नहीं चल सका। बुधवार सुबह पशु अस्पताल वाले रास्ते पर कब्रिस्तान के पास शव मिलने का पता चला। उन्होंने मौके पर पहुंच कर देखा तो शव आस मोहम्मद का मिला। आरोप है कि अज्ञात लोगों ने उसके बेटे की हत्या कर शव को यहां फेंका है। उसकी बेरहमी के साथ हत्या की गई। चेहरे तक पर अनेक वार कर पुरी तरह से खत्म कर दिया गया। हत्यारोपियों का पता लगा कर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। वहीं पुलिस ने शक के आधार पर कई लोगों को हिरासत में भी लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि मृतक कभी कभार शराब आदि का सेवन कर लेता था।
हादसे में टूट गई थी टांग
ममेरे भाई नदीम ने बताया कि उसकी बुआ 20 साल पहले उत्तर प्रदेश के मुज्जफरनगर जिले के गांव हरसोली स्थित अपनी ससुराल से परिवार सहित आकर उनके पास गांव में ही रहने लगी। फुफेरा भाई आस मोहम्मद राज मिस्त्री का काम कर परिवार का पेट पालता था। करीब छह माह पहले सड़क हादसे में उसकी टांग टूट गई थी। उसके बाद से वो काम पर नहीं जा रहा था। उसकी हत्या होने से तीन बच्चों व पत्नी रजाना के ऊपर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं पति की हत्या के बाद से पत्नी व मां चीखें मार मारकर रोते हुए हत्यारोपियों को कोस रही थी।
हत्यारोपियों की तलाश जारी
थाना प्रभारी अंकित कुमार ने बताया कि पिता इलियास के बयान पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। शव का पानीपत के सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम करा स्वजनों के हवाले कर दिया। हत्यारोपियों ने किसी नुकीली चीज से चेहरे व सिर पर अनेक वार किए हैं। सिर में चोट के कारण उसकी मौत हुई है। हत्यारोपियों तक पहुंचने के लिए जांच की जा रही है। उम्मीद है कि जल्द ही आरोपित गिरफ्तार होंगे।