अंबाला नगर परिषद के जल्द हो सकते हैं चुनाव, 31 वार्ड बनाए, हर वार्ड में 5 से 8 हजार वोटर
हालांकि अभी चुनाव की तिथि की घोषणा होनी बाकी है। इससे पहले दो-चार दिन के भीतर मुख्यालय से मतदाता सूची के लिए नोटिफिकेशन जारी होगा। वार्डबंदी को लेकर पूर्व पार्षद असमंजस में है। ऐसे में वह चुनावी गणित जुटाने में लगे है।
पानीपत/अंबाला, जेएनएन। अंबाला नगर परिषद में चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। अधिकारी और पूर्व पार्षद के स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। नगर परिषद के अधिकारी जहां चुनावी रिकॉर्ड तैयार कर रहे हैं। वहीं पूर्व पार्षद भी अपने-अपने वार्डों में मतदाताओं का गणित लगा रहे हैं। हालांकि अभी चुनाव की तिथि की घोषणा होनी बाकी है। इससे पहले दो-चार दिन के भीतर मुख्यालय से मतदाता सूची के लिए नोटिफिकेशन जारी होगा। नगर परिषद के अधिकारियों को 28 दिन के भीतर मतदाता सूची बनाकर मुख्यालय को भेजनी होगी। उधर, फाइनल वार्डबंदी को लेकर पूर्व पार्षदों में असमंजस बना हुआ है। क्योंकि उनके पुराने वार्ड की वोट एक-दूसरे वार्ड में कट गई है।
कट गए पूर्व पार्षदों के वोटर
नगर निगम से 2019 अगस्त में अंबाला छावनी नगर परिषद अलग हुआ था। उस समय अंबाला छावनी में 9 वार्ड हुआ करते थे। एक वार्ड में 20 से 28 हजार वोटर थे। लेकिन अब इन वार्डों में 31 वार्ड बनाए गए हैं। पहले पूर्व पार्षदों के जो अपने पक्के वोटर थे, अब वे दूसरे वार्ड में चले गए हैं। वार्डबंदी को लेकर पूर्व पार्षद असमंजस में है। ऐसे में वह चुनावी गणित जुटाने में लगे हैं।
अंबाला की 2.38 लाख आबादी
नगर परिषद द्वारा वार्डबंदी के द्वारा किए गए सर्वे के आधार पर अंबाला छावनी की आबादी 2.38 लाख है। 31 वार्डों में चुनाव होना है। वार्ड भी तय कर दिए गए हैं। एक वार्ड में 5 से करीब 8 हजार वोटर हैं। अब मतदाता सूची तैयार होनी बाकी है।
28 दिन में तैयार हो जाएगी मतदाता सूची
नगर परिषद के ईओ अपूर्व चौधरी का कहना है कि हमारी तरफ से चुनावी तैयारी पूरी की जा रही है। मुख्यालय से मतदाता सूची के लिए नोटिफिकेशन और चुनावी तिथि की घोषणा होना बाकी है। 28 दिन के भीतर हमारे द्वारा मतदाता सूची तैयार कर ली जाएगी।