हरियाणा शिक्षा विभाग का कमाल, सरकारी स्कूलों को जारी किया 500-500 रुपये का बजट, पढ़ें खबर
कोरोना संक्रमण के चलते स्कूल बंद हैं। विभाग द्वारा गणतंत्र दिवस समारोह में कोविड-19 की गाइडलाइन का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। छोटे बच्चों को गणतंत्र दिवस पर स्कूल में नहीं बुलाया जाएगा। मास्क और सैनिटाइजर का प्रयोग जरूरी है।
जींद, जागरण संवाददाता। सरकारी स्कूलों में इस बार गणतंत्र दिवस मनाया जाएगा। जिसके लिए विभाग द्वारा स्कूलों बजट जारी किया गया है। प्रत्येक सरकारी स्कूल को 500 रुपये का बजट दिया गया है। स्कूलों को कोविड नियमों की पालना करते हुए गणतंत्र दिवस मनाना होगा। हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा इस बार स्कूलों में गणतंत्र दिवस मनाए जाने को लेकर बजट जारी किया है।
गणतंत्र दिवस पर स्कूलों की उपलब्धियों को किया जाएगा प्रदर्शित
प्राइमरी, अपर प्राइमरी, प्राइमरी एंड सेकेंडरी व सेकेंडरी और हाई सेकेंडरी कुल 744 स्कूल हैं। इनमें 424 प्राइमरी, 106 अपर प्राइमरी, 91 प्राइमरी एंड सेकेंडरी और 123 सेकेंडरी, 123 सेकेंडरी तथा हाई सेकेंडरी स्कूल हैं। जिले में कुल तीन लाख 72 हजार रुपये का बजट स्कूलों को दिया गया है। वहीं प्रदेश के सभी जिलों में 14386 स्कूलों के लिए कुल 71,93,000 हजार रुपये जारी किया गया है। जो बजट जारी किया गया है, उसमें विद्यार्थियों की उपलब्धि का फ्लैक्स बोर्ड बनवा कर गणतंत्र दिवस से पहले ही स्कूल की दीवार पर लगाना होगा। जिससे स्कूल में आने वालों को पता चले कि स्कूल की क्या विशेष उपलब्धियां हैं। इससे विद्यार्थियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
छोटे बच्चों को स्कूल नहीं बुलाया जाएगा
बढ़ते कोरोना संक्रमण के चलते स्कूल बंद हैं। विभाग द्वारा गणतंत्र दिवस समारोह में कोविड-19 की गाइडलाइन का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। छोटे बच्चों को गणतंत्र दिवस पर स्कूल में नहीं बुलाया जाएगा। मास्क और सैनिटाइजर का प्रयोग जरूरी है। कार्यक्रम के दौरान शारीरिक दूरी का पालन करना होगा।
फ्लैक्स बोर्ड लगाए जाएंगे
जींद खंड शिक्षा अधिकारी सुशील कुमार जैन ने बताया कि जिले के सभी सरकारी स्कूलों में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस मनाया जाएगा। जो राशि जारी हुई है, उससे स्कूल की उपलब्धियों को एक फ्लैक्स बोर्ड पर लिखवा कर स्कूल की दीवार पर लगाना होगा। ताकि स्कूल में आने वाले विद्यार्थी और अभिभावक उन उपलब्धियों के बारे में जानकारी हासिल कर सकें।