राष्ट्रव्यापी हड़ताल को लेकर प्रशासन मुस्तैद, कर्मचारी संगठनों पर शिकंजा कसने की तैयारी
राष्ट्रव्यापी हड़ताल को लेकर प्रशासन ने भी तैयारी शुरू कर दी है। वहीं कर्मचारी संगठनों में भी बैठकों का दौर तेजी से शुरू हो चुका है। बिजली निगम के कर्मचारी आज कैथल में गेट मीटिंग करेंगे। वन विभाग यूनियन इस अभियान को चला रही है।
पानीपत/कैथल, जेएनएन। 26 नवंबर को होने वाली राष्ट्रव्यापी हड़ताल को लेकर सभी कर्मचारी संगठनों ने कमर कस ली है। यह संगठन इस राष्ट्रव्यापी हड़ताल को सफल बनाने की पूरी तरह से कवायद कर रहे हैं। इसी कड़ी में सोमवार को पिहोवा चौक स्थित राजीव गांधी विद्युत सदन में गेट मीटिंग करेंगे। गेट मीटिंग में कर्मचारियों को हड़ताल में शामिल होने का आह्वान किया जा रहा है। वहीं, वन विभाग की यूनियन भी कर्मचारियों के साथ मिलकर जनसंपर्क अभियान चला रही है।
इस देशव्यापी हड़ताल को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह से मुस्तैद है। जिला प्रशासन की ओर से हड़ताल में शामिल होने वाले कर्मचारी संगठनों को भी रोकने की पूरी तरह से तैयारी की जा रही है। डीसी कार्यालय की ओर से संगठनों की अगुआई करने वाले कर्मचारी नेताओं की पहचान की जार ही है। जिस पर कार्रवाई करने की तैयारी की जा रही है।
किसान संगठन भी रोकेंगे रास्ते
26 नवंबर को एक तरफ जहां विभिन्न विभागों के कर्मचारी संगठन देशव्यापी हड़ताल करेंगे। वहीं, किसान संगठन भी हड़ताल को समर्थन करेंगे। इस दौरान नेशनल हाइवे जाम करेंगे। बता दें कि तीन कृषि कानूनों के विरोध में किसान भी विरोध का झंडा उठाए हैं। किसानों की ओर से भी 26 नवंबर को देशभर में बंद का अाह्वान किया गया है। इस बंद का असर सबसे अधिक पंजाब और हरियाणा में देखने को मिलेगा। किसान संगठनों की ओर से हाइवे जाम करने का भी एलान किया गया है।
एसडीएम संजय कुमार ने बताया कि कर्मचारियों की देशव्यापी हड़ताल और किसानों के बंद को लेकर पूरी तैयारियां है। जिले में कोई भी अप्रिय घटना न हो। इसको लेकर प्रंबंध किए गए है। प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है।