तेजाब कांड ने तीन साल पुराना छात्रा हत्याकांड याद कराया, जब सहम गया था हरियाणा का ये शहर
युवतियों को शिकार बना रहे बदमाश। अब तो उनका दुस्साहस इतना बढ़ गया है कि राह चलते हुए तेजाब फेंकने लगे हैं। पानीपत की देसराज कालोनी में ऐसा ही किया। पानीपत में ऐसे ही एक हत्या का मामला भी हो चुका है। तब सहम गया था पूरा शहर।
पानीपत, जेएनएन। शहर में बेखौफ मनचले जिद पूरी न होने पर महिलाओं व युवतियों कोशिकार बना रहे हैं। वे चाकू से गोदकर हत्या कर देते हैं। तेजाब फेंककर भी दहशत फैला देते हैं। ताजा मामला देशराज कालोनी का है। जहां पर छेड़खानी की विरोध करने पर फैक्ट्री से घर लौट रही महिला पर तेजाब फेंक दिया। 20 प्रतिशत झुलसी महिला पीजीआइ रोहतक में भर्ती हैं। पुलिस की चार टीमें आरोपितों को पकड़ नहीं पाई है। इस वारदात ने तीन साल पहले हुई सनसनीखेज वारदात की भी याद ताजा कर दी है। प्रेमी और प्रेमिका ने एक छात्रा की हत्या की और शव को खुर्द-बुर्द करने के लिए मुंह पर तेजाब फेंक दिया था। आरोपित युवक की मौत हो चुकी है और युवती जेल में बंद है। शहर में बढ़ती ऐसी घटनाएं पुलिस की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े कर रही हैं।
मंदिर मे पहले नाटक का मंचन किया, फिर छात्रा को मार दिया
शहर के एक कालेज का छात्र कृष्ण दूसरे कालेज की छात्रा से प्रेम करता था। उनकी शादी में जाति बंधन आड़े आ रहा था। स्वजन दोनों के रिश्तों को नहीं मान रहे थे। सितंबर 2017 को दोनों ने साजिश रची। कृष्ण के कालेज की एक छात्र और छात्रा की हत्या करनी थी। शवों को खुर्द-बुर्द कर जताना था कि ये शव कृष्ण व उसकी प्रेमिका के है। गोशला मंदिर में कृष्ण ने कालेज के छात्र-छात्राओं को बुलाया और नाटक का मंचन किया। इसके बाद कृष्ण ने मौका पाकर प्रेमिका के साथ मिलकर एक छात्रा की गला घोंटकर हत्या की और मुंह पर तेजाब फेंक दिया। पुलिस ने बाद में कृष्ण व उसकी प्रेमिका को काबू कर लिया। कृष्ण की जेल में मौत हो गई।
एक तरफा प्यार में सिरफिरे ने छात्रा को गोली मारी
काबड़ी गांव का युवक रामकिशोर आइटीआइ की छात्रा से एक तरफा प्यार करता था। उसका पीछा करता था।आइटीआइ में भी चला जाता था। छात्रा ने कई बार समझाया, लेकिन वे नहीं माना। आरोपित शादी करने की जिद पर अड़ा था। इससे छात्रा परेशानी हो गई थी। 28 जून 2019 को छात्रा देशराज कालोनी से गुजर रही थी। राजकिशोर आया और छात्रा पर गोली चला दी। इसके बाद खुद को गोली मार ली। छात्रा की जान बच गई, लेकिन युवक की मौत हो गई।
पुलिस पैरवी करे तो आरोपितों को मिल सकती है कड़ी सजा
एडवोकेश रमेश कुमार गुप्ता का कहना है कि महिला पर तेजाब फेंकने के आरोपितों को पकड़ कर पुलिस पुख्ता सुबूत जटाए। मामले की पैरवी ठीक से करे तो आरोपितों को कम से कम दस साल की सजा हो सकती है। कड़ी सजा मिलने पर ऐसे मनचलों को सबक मिल सकता है।