जगाधरी-बिलासपुर स्टेट हाईवे पर हादसा, सहकारी समिति की बस ने महिला को कुचला
हरियाणा के यमुनानगर में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। सहकारी समिति के बस चालक ने एक्टिवा सवार महिला को टक्कर मार दी। इससे महिला गिर गई और बस का पहिया उसके पैर से होकर निकल गया। जगाधरी-बिलासपुर स्टेट हाईवे पर हुआ।
पानीपत/यमुनानगर, जेएनएन। जगाधरी-बिलासपुर स्टेट हाईवे पर चंगनौली गांव के पास सहकारी परिवहन समिति की बस ने आज सुबह एक्टिवा को टक्कर मार दी। टक्कर से एक्टिवा के पीछे बैठी महिला सड़क पर गिर गई। इससे बस का पहिया महिला की टांगों के ऊपर से गुजर गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गुलाब नगर निवासी जानू ने बताया कि वह सोमवार सुबह अपनी पत्नी कुसुम के साथ एक्टिवा पर बिलासपुर की तरफ जा रहा था। चंगनौली गांव के नजदीक पहुंचा तो सामने से आ रही सहकारी परिवहन समिति की बस ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से कुसुम सड़क पर गिर गई। बस का पहिया उसकी टांगों के ऊपर से गुजर गया। टक्कर मारने के बाद आरोपित चालक बस लेकर मौके से फरार हो गया।
कंबाइन को ओवरटेक कर रहा था चालक
उन्होंने बताया कि जिस बस ने टक्कर मारी वह नारायणगढ़ से यमुनानगर मार्ग पर चलती है। बस के आगे धान काटने वाली कंबाइन मशीन चल रही थी। बस चालक इसे ओवरटेक कर रहा था परंतु उसे जगह नहीं मिल रही थी। चंगनौली गांव के नजदीक ओवरटेक करते हुए चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। उनके अलावा एक बाइक सवार खुद को बचाते हुए सड़क पर गिर गया। उसके हाथों पर चोट आई।
व्यस्त आता रहा 108 नंबर
मौके पर मौजूद लोगों ने घायल महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस के लिए 108 नंबर पर डायल किया। कई बार फोन किया गया परंतु हर बार नंबर व्यस्त आता रहा। तब वहां से गुजर रहे एक कार चालक महिला को बिलासपुर सीएचसी लेकर गए। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जगाधरी रेफर कर दिया गया। पीड़ित ने आरोपित बस चालक के खिलाफ शिकायत दी है।