करनाल में हादसा, सिंंघु बार्डर से घर लौट रहे किसानों की ट्रैक्टर ट्राली को ट्रक ने मारी टक्कर
करनाल में हादसा हो गया है। दिल्ली हरियाणा के सिंघु बार्डर से लौट रहे किसान हादसे का शिकार हो गए। करनाल में किसानों की ट्रैक्टर ट्राली को एक ट्रक ने टक्कर मार दी। ट्रैक्टर में चारपाई बिस्तरे व अन्य सामान लोड था।
करनाल, जागरण संवाददाता। करनाल में किसानों की ट्रैक्टर ट्राली को ट्रक ने टक्कर मार दी। किसान खुशी मनाते हुए दिल्ली हरियाणा के सिंघु बार्डर से लौट रहे थे। तभी करनाल में एक ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे ट्रैक्टर ट्राली सड़क के साइड में नाले में जा गिरा। इस हादसे में दो किसान घायल हो गए। किसान गांव मंझौली जिला पटियाला के बताए जा रहे हैं।
दोनों किसानों को स्वास्थ्य केंद्र घरौंडा में भर्ती कराया गया। किसान सिंघु बार्डर से आंदोलन खत्म होने पर ट्राली में चारपाई, बिस्तरे व अन्य सामान लोड कर अपने गांव लौट रहे थे। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो वहीं दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया। एसचओ घरौंडा दीपक कुमार का कहना है कि अभी किसानों की सही पहचान नहीं हो पाई है। उपचार से कुछ राहत मिलने के बाद उनसे पूछताछ कर पूरी जानकारी जुटाई जाएगी।
वहीं हिसार में भी हादसे में दो युवा किसानों की मौत हो गई। हिसार में ढंंढूर के पास हादसा हो गया। आंदोलन से लौट रहे दो युवा किसानों की मौत हो गई। किसान पंजाब के मुक्तसर जिले के रहने वाले थे।
बसताड़ा टोल प्लाजा पर जमावड़ा होने की आशंका
किसानों के वापस लौटने के दौरान यातायात व्यवस्था चरमरा न जाए, लिहाजा पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। हालात के चलते जहां पुलिस विभाग की ओर से एडवाइजरी जारी की गई है वहीं संबंधित एसएचओ को भी अपने-अपने क्षेत्र में कड़ी निगरानी बनाए रखने व उचित कदम उठाने के आदेश दिए गए हैं। स्पष्ट किया गया है कि यातायात व्यवस्था बाधित न रहे और लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न झेलनी पड़े। राह में आंदोलनकारियों के काफिले के बसताड़ा टोल प्लाजा पर जमावड़ा होने की भी आशंका जताई जा रही है, जिसके चलते पुलिस अलर्ट है तो खुफिया कर्मी भी तैनात किए गए हैं। वे पल-पल की जानकारी उच्चाधिकारियों को देंगे।