मंदिर के दर्जनभर हरे पेड़ों चला दिया आरा, लोगों में रोष
भावना चौक स्थित श्री शिव मंदिर में बड़ पीपल और सफेदे के दर्जनभर हरे पेड़ काट दिए गए। करीब 10-12 साल पुराने पेड़ कटने से स्थानीय लोगों में रोष है। लोगों ने बताया कि सभी पेड़ वन विभाग ने लगाए थे वन विभाग ही देखरेख कर रहा था। अब रात के समय एक-एक करके पेड़ काट दिए गए। वन विभाग से अनुमति तक नहीं ली गई। मंदिर कमेटी पर मनमानी करने के आरोप लगाए हैं।
जागरण संवाददाता, पानीपत : भावना चौक स्थित श्री शिव मंदिर में बड़, पीपल और सफेदे के दर्जनभर हरे पेड़ काट दिए गए। करीब 10-12 साल पुराने पेड़ कटने से स्थानीय लोगों में रोष है। लोगों ने बताया कि सभी पेड़ वन विभाग ने लगाए थे, वन विभाग ही देखरेख कर रहा था। अब रात के समय एक-एक करके पेड़ काट दिए गए। वन विभाग से अनुमति तक नहीं ली गई। मंदिर कमेटी पर मनमानी करने के आरोप लगाए हैं।
स्थानीय नागरिक ओमपाल सिंह, सुनील, अनिल, हिमांशु, अमन, हरमीत और राजेंद्र कौशिक ने बताया कि मंदिर में पार्क का निर्माण कराया जा रहा है। इसके लिए हरियाली जरूरी है। अब वन महोत्सव में ही मंदिर कमेटी हरियाली उजाड़ने में लगी है। बीते एक सप्ताह में मंदिर परिसर में लगे नीम, बड़, पीपल और सफेदे के दर्जनभर हरे पेड़ों को काट दिया गया। विरोध से बचने के लिए सभी पेड़ों को रात में काटकर रात में ही ले जाया गया। बताया कि सभी पेड़ वन विभाग की ओर से लगाए गए थे और विभागीय कर्मचारी ही पेड़ों को पानी देने के साथ अन्य देखरेख करते थे। ओमपाल सिंह ने बताया कि इससे पहले भी मंदिर कमेटी ने श्रद्धालु द्वारा लगाया गया त्रिवेणी को काट दिया था। इसके बाद मंदिर बनाने के लिए पीपल को काटने की तैयारी थी, जिसे मुश्किल से बचाया गया।
आसपास के मकानों पर गिर रहे थे पेड़
श्री शिव मंदिर कमेटी के प्रधान प्रताप सिंह ने बताया कि सफेदे के पेड़ आसपास के मकानों पर गिर रहे थे। आंधी में मकानों को नुकसान का खतरा था। लोगों की शिकायत के बाद पेड़ों को काटा गया है। इनके स्थान पर अन्य अच्छे पेड़ लगाए जाएंगे।