यमुनानगर में ब्रिटेन से आए 38 यात्री, सभी के लिए सैंपल
राहत की बात है कि ब्रिटेने से आए 38 लोंगों में से किसी में भी कोरोना का नया स्ट्रेन नहीं मिला है। इनमें 30 यात्री यूके से आए हुए हैं। 13 यात्री ऐसे हैं जो यूके से सैंपल कराकर आए थे। उनका दोबारा से सैंपल लिया गया है।
यमुनानगर, जेएनएन । यूनाइटेड किंगडम (यूके) से आने वाले यात्रियों की नियमित निगरानी की जा रही है। अब तक जिले में 38 यात्री विदेश से आए हैं। इन सभी के सैंपल लिए गए हैं। हालांकि अभी तक किसी में कोरोना का नया स्ट्रेन नहीं मिला है। इनमें 30 यात्री यूके से आए हुए हैं। 13 यात्री ऐसे हैं, जो यूके से सैंपल कराकर आए थे। उनका दोबारा से सैंपल लिया गया है। अभी चार यात्रियों के सैंपलों की रिपोर्ट लंबित है।
कोरोना के नए स्ट्रेन के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। आठ दिसंबर के बाद विदेश से लौटने वाले यात्रियों पर निगरानी रखी जा रही है। विशेषताैर पर यूके से आने वाले यात्री स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में है। इन सभी को होम आइसोलेट किया गया है। 14 दिन तक होम आइसोलेट रखा जाएगा। रोजाना इनके स्वास्थ्य के बारे में विभाग अपडेट ले रहा है। हालांकि अभी तक किसी में कोई लक्षण नहीं मिले हैं।
यूके से टेस्ट कराकर आने वालों का दोबारा सैंपल :
यूके से लौटने वाले इन यात्रियों में कुछ वहीं से टेस्ट कराकर आए हैं। जिनकी रिपोर्ट नेगेटिव है। इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग एहतियात के तौर पर दोबारा अपने यहां भी सैंपल करा रहा है, क्योंकि यूके से रिपोर्ट नेगेटिव लेकर आने वाले यात्रियों को एयरपोर्ट पर भी चेक नहीं किया जा रहा है। इसलिए स्वास्थ्य विभाग इनके यहां पर दोबारा सैंपल करा रहा है।
यह है स्थिति :
कुल पैसेंजर - 38
यूके पैसेंजर - 30
यूके से आठ दिसंबर के बाद आने वाले - 21
भारत में हुई सैंपलिंग - 16
पेडिंग सैंपल - 4
वापस यूके जाने वाला - 1
जिला निगरानी अधिकारी डा. वागीश गुटैन ने बताया कि विदेश से लौटने वाले सभी यात्री निगरनी में है। खासतौर पर यूके से आने वाले यात्रियों पर नजर है। उन्हें होम आइसोलेट किया गया है। यदि कोई यूके से सैंपल कराकर आया है, तो उसका एहतियातन यहां पर भी सैंपल कराया जा रहा है। फिलहाल किसी में कोई लक्षण नहीं मिले हैं।