2406 परिवारों को मिली विशेष पहचान
जागरण संवाददाता पानीपत नौ दिन के अभियान में जिला प्रशासन ने 3496 विद्यार्थियों के 2406 परिवार
जागरण संवाददाता, पानीपत : नौ दिन के अभियान में जिला प्रशासन ने 3496 विद्यार्थियों के 2406 परिवारों के पहचानपत्र बनाए हैं। स्कूलों में पहचान पत्र बनाने का शुक्रवार को अंतिम दिन रहा। सबसे अधिक पानीपत ब्लॉक के 958 परिवारों के पहचानपत्र बनाए गए हैं। अब अटल सेवा केंद्र और कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) से पहचान पत्र बनाए जाएंगे।
केंद्र सरकार ने परिवारों को विशेष पहचान देने के लिए परिवार पहचान पत्र योजना लागू की है। इसमें परिवार के प्रत्येक सदस्य का पूरा डाटा मौजूद रहेगा। भविष्य में सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए परिवार पहचानपत्र की जरूरत होगी। 26 अगस्त से जिले के कुल 236 केंद्रों पर परिवार पहचान पत्र बनाने का कार्य शुरू किया गया। सर्वर डाउन होने के कारण पहले पहचानपत्र बनाने में परेशानी का सामना करना पड़ा, लेकिन बाद में कार्य ने रफ्तार पकड़ ली। हालांकि 2 सितंबर तक ही पहचानपत्र बनाने का समय दिया गया था, लेकिन पहले कुछ दिन कार्य धीमा होने के कारण 3 सितंबर तक पहचानपत्र बनाए गए। नौ दिनों में जिले के 2406 परिवारों के पहचान पत्र बनाए गए हैं।
ब्लॉकवार बनाए गए पहचान पत्रों की संख्या
बापौली : 415
इसराना : 170
मतलौडा : 335
पानीपत : 958
समालखा : 528
कुल : 2406।