जींद की जीत से पीएम मोदी और अमित शाह खुश, सीएम मनोहरलाल को दी शाबासी
जींद उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी की जीत से पीएम नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह खुश हैं। उन्होंने ट्वीट की हरियाणा भाजपा और सीएम मनोहरलाल को बधाई व शाबासी दी है।
पंचकूला, जेएनएन। हरियाणा के जींद विधानसभा सीट के उपचुनाव में भाजपा की जीत से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रधान अमित शाह बेहद खुश हैं। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री मनोहरलाल और प्रदेश भाजपा को शाबासी दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर मनोहरलाल व हरियाणा के भाजपा नेताओं को बधाई दी है। मोदी ने कहा है कि इससे भाजपा के विकास के एजेंडे पर जनता की मुहर लगी है।
प्रधानमंत्री मोदी ने जींद उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार की जीत के बाद ट्वीट किया और इस पर खुशी जताई। मोदी ने ट्वीट में लिखा, 'यह जींद की जनता का हरियाणा भाजपा को आशीर्वाद है। यह वह सीट है जहां से भाजपा कभी नहीं जीती। यह देख कर बेहद खुश हूं कि भाजपा के विकास के एजेंडे को जनता के सभी वर्गों का समर्थन मिल रहा है। हरियाणा भाजपा और मुख्यमंत्री मनोहरलाल को कड़े परिश्रम से जनता की सेवा करने के लिए बधाई।'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ट्वीट।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने भी जींद उपचुनाव में जीत पर खुशी जताई है। उन्होंने ट्वीट कर मुख्यमंत्री मनोहरलाल, हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष सुभाष बराला और पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी है। अमित शाह ने इसे भव्य जीत करार दिया है। अमित शाह ने ट्वीट में लिखा है, जींद उपचुनाव में भाजपा की भव्य जीत केंद्र की मोदी सरकार और हरियाणा की मनोहरलाल सरकार की विकास और लोक कल्याणकारी कार्यों में जनता के विश्वास की जीत है।
अमित शाह ने ट्वीट में लिखा है कि हरियाणा की जनता ने भ्रष्टाचार और जातिवाद को नकार कर भाजपा के विकासवाद पर मुहर लगाई है। मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने भी भाजपा की जीत पर ट्वीट कर खुशी जताई है। उन्होंने जींद उपचुनाव में विरोधी दलों द्वारा अपनाए गए हथकड़ों और जातिवाद फैलाने का अारोप लगाते हुए उन पर हमला किया है। मनोहरलाल ने ट्वीट किया है, ' जींद उपचुनाव में लोगों (विपक्षी नेताओं) ने तरह-तरह के ओछे हथकंडे अपनाए और जातिवाद की राजनीति की, लेकिन हमारी सरकार हरियाणा एक-हरियाणवी एक की सोच के साथ समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चली। जनता ने जातिवाद से ऊपर उठकर विकास पर मुहर लगाकर समाज को बांटने की राजनीति करने वालों को करारा जवाब दिया है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला ने भी जींद उपचुनाव में जीत पर अपनी खुशी जताई है। उन्होंने रोहतक में पत्रकारों से बताचीत में कहा कि भाजपा के विकास पर जनता ने अपनी मुहर लगा दी है । लोकसभा चुनाव में हरियाणा की सभी 10 सीटें भी भारतीय जनता पार्टी जीतेगी।
दूसरी ओर, जननायक जनता पार्टी के जींद उपचुनाव में प्रत्याशी रहे दिग्विजय सिंह चौटाला ने भाजपा को जीेत के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा, मैं भाजपा को उसकी जीत के लिए बधाई देता हूं। उन्होंने कहा कि कई ईवीएम में कई तरह की फॉल्ट मिली। हम पार्टी की आंतरिक बैठक में उपचुनाव व ईवीएम के बारे में चर्चा करेंगे अौर इसके बाद मीडिया से बात करेंगे।