सीएम आवास के बाहर व्यक्ति ने खाया जहर, मचा हड़कंप, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
चंडीगढ़ में चरखी दादरी के एक गांव के व्यक्ति ने मुख्यमंत्री मनोहरलाल के आवास के बाहर जहर खा लिया।
चंडीगढ़, जेएनएन। यहां हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल के आवास के बाहर एक व्यक्ति ने अचानक जहर खा लिया। इससे वहां हड़कंप मच गया और अफरा तफरी मच गई। उसे गंभीर हालत में सेक्टर 16 अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी पहचान चरखी दादरी के गांव इमलोटा निवासी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि सीएम विंडो पर दी अपनी शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने से परेशान था।
उनका नाम नेत्रपाल बताया जाता है। जानकारी के अनुसार, इस व्यक्ति का आरोप है किे उसकी पत्नी का उसके भाइ्र से अवैध संबंध है। इस सबंध में उसने पुलिस में शिकायत की, लेकिन उस पर ध्यान नहीं दिया। उसने सीएम विंडो पर भी शिकायत डाली। कार्रवाई नहीं होने पर वह मुख्यमंत्री मनोहरलाल से मिलने बुधवार को चंड़ीगढ़ आ गया।
जानकारी के अनुसार, 35 साल का नेत्रपाल मुख्यमंत्री के आवास पर पहुंचा और वहां तैनात कर्मियों से सीएम मनोहरलाल से मुलाकात करवाने की बात कही। उसकी सीएम से मुलाकात नहीं हो सकी तो व्यक्ति ने जेब से जहर निकालकर खा लिया। यह देखकर वहां हड़कंप मच गया। उसे तुरंत चंडीगढ़ के सेक्टर 16 अस्पताल ले जाया गया। वहां उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।