दुष्यंत और अभय चौटाला के बीच अब धारदार होगी जंग, खुलकर होेंगे वार-पलटवार
दुष्यंत और दिग्विजय के निष्कासन के बाद इनेलाे में वर्चस्व की जंग रोमांचक मोड़ आ गया है। दोनों बेटों को इनेलो से निकाले जाने के बाद नैना चौटाला अब खुलकर अभय चौटाला पर हमले करेंगी।
जेएनएन, चंडीगढ़। प्रमुख विपक्षी दल इनेलो में चल रही जंग में दुष्यंत और दिग्विजय के निष्कासन के बाद रोमांचक मोड़ आ गया है। दोनों बेटों को इनेलो से निकाले जाने के बाद नैना चौटाला अब खुलकर अभय चौटाला पर हमले करेंगी। इससे चौटाला परिवार की जंग तीखी होगी और इसमें नया मोड़ आ सकता है। 5 नवंबर को अजय चौटाला के पेरोल पर जेल से बाहर आते ही निर्णायक जंग शुरू हो सकती है और दुष्यंत समर्थकों की बगावत तेज हो सकती है। दुष्यंत और दिग्विजय की मां विधायक नैना चौटाला पहले से ही बेटों के भविष्य के लिए मैदान में उतर चुकी हैं। 'हरी चुनरी चौपाल' के जरिये नैना जहां घरेलू महिलाओं को लामबंद कर रहीं हैं, वहीं दुष्यंत और दिग्विजय भी मैदान में जुटे हुए हैं।
दोनों भाइयों के निष्कासन के बाद अगली रणनीति बनाने में जुटे समर्थक
इनेलो में राजनीतिक वर्चस्व की जंग में नैना चौटाला 'स्टार प्रचारक' के रूप में उभरकर सामने आई हैैं। इसका फायदा इनेलो को कम और दुष्यंत व दिग्विजय को अधिक मिल रहा है। प्रदेश में महिलाओं के नाम पर राजनीति तो होती रही, लेकिन उन्हें आगे आने का मौका कम ही मिला। आमतौर पर पुरुष प्रधान राजनीति हावी रही है। विपरित हालात और पति की गैर-मौजूदगी में नैना ने राजनीति में कदम रखा, लेकिन अब वे खुलकर मोर्चा संभाले हुए हैं।
'हरी चुनरी चौपाल' के माध्यम से महिलाओं का भरोसा जीत रही नैना चौटाला के निशाने पर उनके देवर और विपक्ष के नेता अभय सिंह चौटाला पूरी तरह से हैैं। ससुर और इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला को पूरा सम्मान देने के साथ वह बता रही हैं कि दुष्यंत और दिग्विजय के साथ उनके परिवार के खिलाफ किस तरह की राजनीतिक साजिश चल रही है।
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि नैना चौटाला अब तक बिना अभय चौटाला या अन्य किसी नाम लिए हमले कर रही थीं, लेकिन अब दुष्यंत और दिग्विजय को इनेलो से निकाले जाने के बाद वह खुलकर इन पर हमले करेंगी। इससे चौटाला परिवार की जंग रोमांचक और नया मोड़ लेगी। 5 नवंबर को अजय चौटाला तिहाड़ जेल से बाहर आएंगे। उनके बाहर आने के बाद यह लड़ाई और तीखी होगी। इसके बाद चौटाला परिवार की इस जंग का नया स्वरूप सामने अा सकता है। राजनीति के जानकारों का भी मानना है कि चौटाला परिवार में यह लड़ाई किसी मुद्दे या वैचारिक मतभेद को लेकर नहीं बल्कि सत्ता की शीर्ष कुर्सी को लेकर घमासान मचा हुआ है।
राजनीतिक दलों का महिला राजनीति पर फोकस
हरियाणा के इतिहास में 'हरी चुनरी चौपाल' एकदम नया कार्यक्रम है। महिलाओं के नाम पर सम्मेलन तो अधिकतर राजनीतिक दल करते रहे हैं, लेकिन इनमें भी पुरुषों की भूमिका देखने को मिलती रही है। जिस तरह से नैना की चौपाल में हरे रंग की चुनरी ओढ़कर महिलाएं पहुंच रही हैं, उससे लगता है कि आने वाले दिनों में प्रदेश की राजनीति में महिला उम्मीदवारों की संख्या बढ़ सकती है। दस वर्षों तक सत्ता में रह चुकी कांग्रेस की महिला इकाई भी इन दिनों राजनीति में महिलाओं को आरक्षण दिए जाने के लिए लड़ाई लड़ रही है।