जजपा और निर्दलियों के साथ मजबूत गठबंधन का दिया संदेश, विपक्ष पर आक्रामक तेवर में मनोहर
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने जजपा और निर्दलीय विधयकों से मजबूत गठबंधन का संदेश दिया है। इसके साथ ही मनोहरलाल ने विपक्ष के खिलाफ आक्रामक तेवर अपना लिये हैं।
चंडीगढ़, जेएनएन। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने जजपा और निर्दलीय विधायकों से मजबूत गठबंधन का संदेश दिया है। इसके साथ ही उन्होंने गठबंधन सरकार की स्थिरता पर विपक्ष के सवालों का भी जवाब दिया है। उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के साथ अपनी सरकार के 100 दिन का हिसाब-किताब पेश करते हुए मनोहर लाल ने मजबूत सरकार व गठबंधन का संकेत दिया और विपक्ष के प्रति आक्रामक तेवर दिखाए। बिजली मंत्री रणजीत चौटाला की मौजूदगी से साफ संदेश दिया कि सरकार के लिए निर्दलीय विधायक भी खासी अहमियत रखते हैं।
हुड्डा पर हमलावर रहे मनोहर लाल और दुष्यंत चौटाला, कहा-विपक्ष बेरोजगारी का शिकार
चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ-साथ उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला भी विपक्ष पर जमकर हमलावर हुए। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा दोनों के निशाने पर रहे। मनोहर लाल ने तो यहां तक कह दिया कि इस पांच साल के कार्यकाल की तैयारी उन्होंने छह माह पहले ही कर ली थी। इसलिए उन्हें पूरे साढ़े पांच साल काम करने का मौका मिलेगा।
मनोहर लाल यहीं नहीं रुके। उन्होंने कहा कि हम अपने कार्यकाल में इतने काम करेंगे, जिनके आधार पर फिर हमारी सरकार बनेगी। यानी पहले के पांच साल, उसमें मौजूदा पांच साल प्लस और अगले पांच साल भी हमारी सरकार होगी। हुड्डा का नाम लिए बगैर सीएम ने कहा कि जो लोग उनके काम को लेकर सवाल उठाते रहते हैं, वह राजनीतिक रूप से बेरोजगार हो चुके हैं। विपक्षी दलों के पास अब समय ही समय है, लेकिन हमारे पास उनकी बातों का जवाब देने का समय नहीं है। हमें प्रदेश के विकास की दिशा में सोचने से ही फुरसत नहीं है। हम प्रदेश को विकास की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए काम कर रहे हैं।
सीएम एवं डिप्टी सीएम की प्रेस कॉन्फ्रेंस में जजपा कोटे के राज्य मंत्री अनूप धानक समेत मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकतर अफसर नजर आए। भाजपा कोटे से कैबिनेट में शामिल कोई मंत्री इस आयोजन में नहीं दिखा। मुख्यमंत्री ने कहा कि 100 दिन में सरकार ने कुछ नहीं किया, यह विपक्षी दलों का जुमला बन गया है।
उन्होंने कहा कि पहली बार सत्ता में आने के बाद किसी भी पार्टी को विकास कार्यों को रफ्तार देने में तीन वर्ष का समय लगता है। पहले कार्यकाल में वह समय लग चुका है। इसके बाद दो वर्षों तक विकास कार्यों को आगे बढ़ाया गया। अब हम नए नहीं हैं। पहले ही दिन से काम करने में जुटे हैं। हमने 100 दिन में जितने काम कर दिए हैं, उतने तो हुड्डा 10 वर्षों में नहीं कर सके।
मनोहर लाल का दावा, दिल्ली में बनेगी भाजपा की सरकार
दिल्ली में विधानसभा चुनाव प्रचार कर लौटे हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने दावा किया कि उन्होंने दिल्ली में 26 विधानसभा क्षेत्रों में 74 कार्यक्रमों में हिस्सा लिया है। दिल्ली में भाजपा की स्थिति पूरी तरह से मजबूत है। सीएम ने दावा किया कि दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी अपने बल पर सरकार बनाने जा रही है। आम आदमी पार्टी नंबर दो व कांग्रेस नंबर तीन पर होगी।
यह भी पढ़ें: गरीबों पर मेहरबान सरकार, छह हजार वार्षिक मिलेंगे, 90 हजार परिवार के खातों में पहुंचे 4-4 हजार
मनोहर लाल ने कहा कि पहले मैंने 38 सीटें जीतने का दावा किया था, लेकिन हमारे गृह मंत्री अमित शाह ने 45 सीटें जीतने का दावा किया है। अब तीन दिन में सारी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी, लेकिन इतना तय है कि दिल्ली में हम सरकार बनाने जा रहे हैं।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
यह भी पढ़ें: मनोहर का ऐलान- उद्योगों में 75 फीसद अकुशल कर्मचारी अब हरियाणा के होंगे, सख्ती से करेंगे लागू
यह भी पढ़ें: सात स्कूली बच्चों ने हरियाणा सरकार से जीती जंग, School building के लिए HC में लड़े नौनिहाल