धनतेरस पर हरियाणा के बाजारों में रौनक, खूब हुई खरीदारी
धनतेरस पर हरियाणा के बाजारों में रौनक रही और लाेगों ने जमकर खरीदारी की। बर्तनों और ज्वेलरी शोरूमों में सबसे अधिक भीड़ रही।
जेएनएन, चंडीगढ़। धनतेरस पर हरियाणा में भी बाजारों में रौनक रही। लोगों ने जमकर खरीदारी की। बाजारों में सुबह से ही खूब चहल पहल रही। बर्तन की दुकानों और ज्वेलरी शोरूम में भारी भीड़ रही। खरीदारी करने में महिलाएं सबसं आगे रहीं। बाजारों में देर शाम तक लाेग खरीदारी कर रहे थे इसके अलावा वाहनों की भी खूब बिक्री हुई। इस दौरान बाजरों व शहरों में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे।
धनतेरस के दिन को खरीदारी के लिए शुभ माना जाता है। पानीपत, हिसार, कैथल, सिरसा, रोहतक, भिवानी सहित सभी शहरों में देर शाम तक दुकानों पर लोगों की भीड़ लगी हुई थी। बाजारों को सुंदर ढ़ंग से सजाया गया है। शोरूमों से लेकर अन्य दुकानों की विशेष सजावट की गई।
बर्तन अौर ज्वेलरी की दुकानों पर रही भीड़
सबसे अधिक भीड़ बर्तन और ज्वेलरी के दुकानों पर रही। खरीदारी में सबसे आगे महिलाएं रहीं। उन्होंने जरूरत के हिसाब से बर्तन खरीदे और दीपावली के लिए सजावट के सामान की भी खरीदारी की। ज्वेलरों की दुकानों अौर शोरूमों में भी जमकर बिक्री हुई। देर शाम तक दुकानों और शोरूमों में ग्राहकों की भीड़ लगी रही।
सिरसा में एक ज्वेलरी शोरूम में खरीदारी करते लोग।
आटोमाेबाइल और इलेक्ट्रानिक्स बाजार में भी रही रौनक
इलेक्ट्रानिक्स तथा ऑटोमोबाइल बाजार में भी काफी भीड़ रही। इसके लिए व्यापारियों ने विशेष तैयारियों से लेकर फाइनेंस की भी सुविधा उपलब्ध कराई हुई थी। ऑटोमोबाइल बाजार में तो स्थिति यह रही कि आम दिनों में10 बजे खुलने वाले शोरूम सुबह आठ बजे से ही खुल गए थे। टीवी के शोरूमों में भी खासी भीड़ रही और लोगों ने खूब खरीदारी की। ग्राहकों के लिए दुकानदाराें और शोरूम मालिकों ने विशेष फाइनेंस स्कीम सहित अन्य लुभावने स्कीम दे रहे थे।
पढ़ें : दीपावली से पहले ही वातावरण में घुलने लगा जहर, चार गुना बढ़ सकता है प्रदूषण
खूब बिकीं मोटरसाइकिल व कारें
धनतेरस के दिन वाहनों की जमकर बिक्री हुई। धनतेरस के पावन मुहूर्त का लोगो को बेसब्री से इंतजार था। सुबह से ही वाहनों के शोरूम पर चहल-पहल बढ़ गई। दोपहिया वाहनों के शो-रूम पर लोगों की खासी भीड़ रही। दोपहिया वाहनों की खरीदारी को लेकर शहर के हीरो, होडा, बजाज, टीवीएस, यामाहा सहित कारो के शो-रूम पर भी खरीदारों की भीड़ रही। शुभ समय पर खरीदारी करने के लिए लोगों ने अग्रिम बुकिंग तक कराई हुई थी। कई शोरूम पर दस-दस दिन पहले बुक की गई गाडि़यों की डिलीवरी भी नहीं हो सकी।
जमकर खरीदे गए चांदी के सिक्के व बर्तन
धनतेरस के दिन पांच बर्तनों के साथ शगुन के तौर पर चांदी के सिक्कों की भी खरीदारी की जाती है। सुबह से ही सर्राफा व्यवसायियों की दुकान पर ग्राहकों की भीड़ लगी रही। इसके अलावा लोगों ने आभूषणों की भी खरीदारी की। इस बार चांदी की कीमतों में गिरावट होने से लोगों ने चांदी के सिक्कों में अधिक रुचि दिखाई।
वहीं चांदी से निर्मित देवी-देवताओं की छोटी प्रतिमाओं के साथ महिलाओं ने आभूषणों की भी खरीद की। सर्राफा की दुकानों के अलावा गिफ्ट गैलरियों में भी खरीदारी के लिए लोग खूब पहुंचे तथा उन्होंने दीपावली के लिए गिफ्ट के साथ देवी-देवताओं की तस्वीरों के साथ घरों में सजावटी सामान खरीदा।
पानीपत के एक बाजार में लगी भीड़।
बता दें, कार्तिक कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि के दिन भगवान धन्वन्तरि का जन्म हुआ था, इसलिए इस तिथि को धनतेरस या धनत्रयोदशी के नाम से जाना जाता है। मान्यता है कि धन्वन्तरी जब प्रकट हुए थे तो उनके हाथों में अमृत से भरा कलश था, इसीलिए इस अवसर पर बर्तन खरीदने की परंपरा है।
तस्वीरें : धनतेरस पर बाजारों में रौनक, लोगों ने की खूब खरीदारी
सड़कों और बाजारों में जाम से परेशानी
त्योहार की वजह से प्रमुख शहरों की सड़कों पर अन्य दिनों के मुकाबले कई गुना अधिक वाहन रहे जिससे सुबह से ही सड़कों पर जाम जैसी स्थिति बनी रही। प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती के बावजूद सड़कों पर जाम की स्थिति दोपहर बाद से देर शाम तक रही।
पढ़ें : नवजोत सिद्धू कभी भी मिला सकते हैैं 'आप' से हाथ, संजय सिंह ने दिए संकेत