Move to Jagran APP

इनेलो में चाचा-भतीजे की रार का असर, चौटाला ने कई पदाधिकारी बदले

गोहाना में चाचा-भतीजे के समर्थकों के बीच हुई हूटिंग का असर सामने आ गया है। इस हूटिंग से नाराज इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला ने पार्टी संगठन में कुछ बदलाव किए हैं।

By Kamlesh BhattEdited By: Published: Thu, 11 Oct 2018 02:57 PM (IST)Updated: Thu, 11 Oct 2018 02:57 PM (IST)
इनेलो में चाचा-भतीजे की रार का असर, चौटाला ने कई पदाधिकारी बदले
इनेलो में चाचा-भतीजे की रार का असर, चौटाला ने कई पदाधिकारी बदले

जेएनएन, चंडीगढ़। सोनीपत के गोहाना में चाचा-भतीजे अभय चौटाला व दुष्यंत चौटाला के समर्थकों के बीच हुई हूटिंग का असर सामने आ गया है। इस हूटिंग से नाराज इनेलो सुप्रीमो एवं पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला ने पार्टी संगठन में कुछ बदलाव किए हैं। भविष्य में कुछ और बड़े बदलाव संभव हैं, जबकि काफी संख्या में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को पार्टी से निकालने की तैयारी है।

loksabha election banner

इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला खुद पार्टी अध्यक्ष बने रहेंगे। माना जा रहा था कि वे राष्ट्रीय अध्यक्ष की कमान अभय सिंह चौटाला को सौंप सकते हैं। पूर्व मुख्यमंत्री चौटाला ने इनेलो किसान सेल के दायित्व से पूर्व विधायक निशान सिंह को मुक्त करते हुए उनके स्थान पर पूर्व विधायक कली राम को नियुक्त किया है। कर्मचारी सेल में भी बदलाव करते हुए पूर्व संयोजक धारा सिंह को अब प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनके स्थान पर संयोजक का दायित्व बलवीर सिंह को दिया गया है।

इनेलो सुप्रीमो ने एक नए सेल का गठन करते हुए मेडिकल सेल का संयोजक डॉ. केसी काजल को बनाया है। हिसार और दादरी जिले की पार्टी इकाइयों में बदलाव करते हुए हिसार में राजेंद्र लितानी के स्थान पर सतवीर सिसाय को जिला प्रधान नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार दादरी में नरेश द्वारका के स्थान पर अब विजय पंचगांवा जिला प्रधान होंगे।

नेशनल बॉडी में शामिल हुए नए चेहरे

इनेलो सुप्रीमो ने नेशनल बॉडी के पदाधिकारियों में भी बदलाव किए हैं। ओपी चौटाला खुद राष्ट्रीय अध्यक्ष बने रहेंगे। अनंत राम तंवर, साधु राम चौधरी, नारायण प्रसाद अग्रवाल, कुमारी फूलवती, अश्वनी दत्ता और रामभगत गुप्ता को उपाध्यक्ष बनाया गया है। पूर्व आइएएस आरएस चौधरी पार्टी के नए सेक्रेटरी जनरल होंगे। रमेश गर्ग, बृज शर्मा और पूर्व सांसद कैप्टन इंद्र सिंह महासचिव का पदभार संभालेंगे। हरियाणा लोकसेवा आयोग के पूर्व सदस्य युद्धवीर आर्य और चत्तर सिंह के अलावा पूर्व विधायक बलवंत सिंह मायना, सुरेश मित्तल और अशोक शेरवाल को सचिव की जिम्मेदारी मिली है।

डॉ. केसी बांगड़ राष्ट्रीय प्रवक्ता

हरियाणा लोकसेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. केसी बांगड़ को राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाया गया है। दीपचंद गोयल पार्टी के खजांची बनेंगे। इसके अलावा पार्टी के सभी सांसद, विधानसभा में विपक्ष के नेता और पार्टी प्रदेश अध्यक्ष को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में सदस्य बनाया गया है। इनेलो सुप्रीमो ने संसदीय बोर्ड में भी फेरबदल किया है। नंदलाल चौधरी के निधन होने के कारण बोर्ड के चेयरमैन ओमप्रकाश चौटाला के अलावा अब चार सदस्य अशोक अरोड़ा, बीडी डालिया, अंजु सिंह और कमल नागपाल होंगे।

हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.