महिला आयोग ने दिग्विजय चौटाला को किया तलब
हरियाणवी डांसर सपना चौधरी के भाजपा में शामिल होने पर आपत्तिजनक टिप्पणी का विवादों घिरे जननायक जनता पार्टी के नेता दिग्विजय चौटाला की मुश्किलें अभी कम नहीं हुई हैं।
जासं, पंचकूला : हरियाणवी डांसर सपना चौधरी के भाजपा में शामिल होने पर आपत्तिजनक टिप्पणी का विवादों घिरे जननायक जनता पार्टी के नेता दिग्विजय चौटाला की मुश्किलें अभी कम नहीं हुई हैं। मामले में उनकी ओर से दिए गए जवाब से हरियाणा राज्य महिला आयोग संतुष्ट नहीं है। अब उन्हें 15 जुलाई को महिला आयोग के समक्ष पेश होने के लिए समन जारी किया गया है।
चौटाला ने इस मामले में नोटिस का जवाब दिया था, लेकिन महिला आयोग ने कहा है कि दिग्विजय का जवाब संतोषजनक नहीं है। इसलिए उन्हें समन भेजकर 15 जुलाई को आयोग के समक्ष पेश होने के निर्देश दिए गए हैं। आयोग की वाइस चेयरपर्सन प्रीति भारद्वाज ने बताया कि दिग्विजय चौटाला से सोमवार को आयोग के कार्यालय में सुबह 11 बजे पेश होने के लिए कहा गया है। दिग्विजय ने अपने जवाब में गलती मानने से किया इन्कार
दरअसल, दिग्विजय चौटाला ने अपने जवाब में कहा है कि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं कहा है। इससे पूर्व बुधवार को हरियाणा महिला आयोग ने दिग्विजय को नोटिस जारी किया था। दिग्विजय चौटाला ने सपना चौधरी के भाजपा में शामिल होने पर विवादित बयान दे दिया था। कहा था कि सपना अब ठुमके लगाकर भाजपा को वोट दिलाएगी। इसके बाद राज्य महिला आयोग ने मामले का संज्ञान लेते हुए दिग्विजय चौटाला को नोटिस भेजा था। प्रीति भारद्वाज ने कहा इस तरह का बयान देकर दिग्विजय चौटाला ने महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाई है।