मिढ़ा को मिलेगा जींद के रण में जीत का तोहफा, किसी बोर्ड का चेयरमैन बनाने की तैयारी
जाटलैंड जींद में पहली बार कमल खिलाने वाले डॉ. कृष्ण मिढ़ा को प्रदेश सरकार किसी बोर्ड या निगम का चेयरमैन बना सकती है।
जेएनएन, चंडीगढ़। जाटलैंड जींद में पहली बार कमल खिलाने वाले डॉ. कृष्ण मिढ़ा को प्रदेश सरकार किसी बोर्ड या निगम का चेयरमैन बना सकती है। विधानसभा उपचुनाव में मिढ़ा की शानदार जीत को भाजपा मिशन-2019 की तैयारियों से जोड़कर देख रही है।
पिता स्व. डॉ. हरिचंद मिढ़ा की राजनीतिक विरासत संभालने वाले डॉ. कृष्ण मिढ़ा बुधवार को विधायक पद की शपथ लेंगे। इसके बाद किसी भी दिन मुख्यमंत्री मनोहर लाल उन्हें सरकार में फिट करते हुए बड़ा तोहफा दे सकते हैं। मंगलवार को चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित सम्मान समारोह में कैबिनेट मंत्रियों प्रो. रामबिलास शर्मा, कैप्टन अभिमन्यु, कृष्ण लाल पंवार, हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष सुभाष बराला और मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने कहा कि चुनावी साल में भाजपा की जीत का श्रीगणेश हो गया है।
अपनी माता विद्या देवी और पारिवारिक सदस्यों के साथ अभिनंदन समारोह में पहुंचे डॉ. कृष्ण मिढ़ा ने कहा कि वे अपने पिता के सपनों को साकार करने का हर संभव प्रयास करेंगे। इस दौरान इनेलो के श्रमिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष विद्यानंद लांबा, राधेश्याम जुलाना, अशोक व जगदीश आहूजा ने भाजपा में शामिल होने की घोषणा की। नवनिर्वाचित विधायक के साथ कार्यक्रम में पहुंच पूर्व सांसद सुरेंद्र बरवाला, कंडेला खाप के पूर्व प्रधान टेक राम कंडेला, जींद के भाजपा अध्यक्ष अमरपाल राणा ने पार्टी की एकजुटता दिखाई।