Move to Jagran APP

यूं ही नहीं हुआ राहुल गांधी की पंजाब-हरियाणा की ट्रैक्टर यात्रा में बदलाव, जानें क्‍याें टेंशन में है कांग्रेस

कांग्रेस के पूर्व राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष राहुल गांधी की पंजाब से शुरू होने वाली ट्रैक्‍टर यात्रा के कार्यक्रम में दो बार बदलाव किया गया है। यह बदलाव कांग्रेस ने यूं ही नहीं किया है। हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने रैली को राज्‍य में न घुसने देेने की धमकी दी है।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Published: Sat, 03 Oct 2020 07:48 AM (IST)Updated: Sat, 03 Oct 2020 07:48 AM (IST)
यूं ही नहीं हुआ राहुल गांधी की पंजाब-हरियाणा की ट्रैक्टर यात्रा में बदलाव, जानें क्‍याें टेंशन में है कांग्रेस
कांग्रेस के पूर्व अध्‍यक्ष राहुल गांधी 6 अक्‍टूूबर को हरियाणा में ट्रैक्‍टर यात्रा करेंगे।

 नई दिल्ली, [बिजेंद्र बंसल]। कांग्रेस के पूर्व राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष राहुल गांधी की ट्रैक्टर यात्रा में बदलाव किया गया है। राहुल की ट्रैक्टर यात्रा पंजाब से हरियाणा में अब पांच की बजाय 6 अक्टूबर को प्रवेश करेगी। तीन कृषि कानूनों के खिलाफ इस यात्रा की तारीखों में बदलाव यूं ही नहीं हुआ। इसके पीछे हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज की चेतावनी को माना जा रहा है। विज ने साफ कहा है कि हरियाणा में राहुल गांधी की ट्रैक्टर यात्रा को किसी भी सूरत में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। पंजाब में यह यात्रा अब 3 अक्‍टूबर के बजाय 4 अक्‍टूबर को शुरू होगी।

loksabha election banner

विज का तर्क है कि राहुल गांधी हरियाणा के शांतिप्रिय माहौल को बिगाड़ना चाहतेे हैं। राज्य के सोनीपत जिले में एक विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव भी होना है। इसलिए राहुल गांधी पंजाब में जो मर्जी करें मगर उन्हेंं हरियाणा में घुसने नहीं दिया जाएगा।  बताया जा रहा है कि विज के इस बयान से सतर्क कांग्रेस के रणनीतिकारों ने राहुल गांधी की यात्रा की तारीखों में बदलाव किया है।

असल में राहुल पहले यह यात्रा पंजाब में तीन अक्टूबर से शुरू करने वाले थे मगर अब यात्रा चार से शुरू होगी और पांच व छह अक्टूबर तक पंजाब में ही रहेगी। छह अक्टूबर को दोपहर बाद यात्रा किसी भी समय पटियाला मार्ग से कुरुक्षेत्र के पेहवा में प्रवेश करेगी।

सोनीपत जिले से पहले ही खत्म करनी होगी ट्रैक्टर यात्रा

सोनीपत जिले के बरोदा हल्के में उपचुनाव के कारण आदर्श चुनाव आचार संहिता लग चुकी है। इसलिए अब राहुल की ट्रैक्टर यात्रा पंजाब से दिल्ली तक नहीं होकर सिर्फ समालखा तक ही होगी। सोनीपत जिला शुरू होने से पहले समालखा में राहुल गांधी की यात्रा का अंतिम पड़ाव होगा। पार्टी की तरफ से जिला स्तर पर प्रशासनिक अनुमति भी ट्रैक्टर यात्रा के लिए ली जाएंगी।

कांग्रेस के रणनीतिकार मानते हैं कि यदि हरियाणा सीमा में भाजपा सरकार ट्रैक्टर यात्रा को प्रवेश नहीं करने देती तो इस यात्रा के स्वागत के लिए तैयार किसानों के बीच पार्टी का सकारात्मक संदेश देने में भी कोई कठिनाई नहीं आएगी। यदि प्रवेश करने दिया जाता है तो पार्टी को यात्रा की तैयारियों के लिए दो दिन का अतिरिक्त समय मिल जाएगा।

सूत्रों की मानें तो कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला पंजाब में यात्रा के दौरान राहुल के साथ रहेंगे। राहुल की यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए शनिवार दोपहर बाद प्रभारी विवेक बंसल ने दिल्ली में एक बैठक भी बुलाई है। इसमें यात्रा के दौरान संसाधन जुटाने वाले कार्यकर्ताओं व नेताओं को भी जिम्मेदारी सौंपी जाएंगी।

---------

'सिर्फ चर्चा में रहने के लिए बयानबाजी करते हैं विज'

'' हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज सिर्फ चर्चा में बने रहने के लिए बयानबाजी करते हैं। यह उनकी पुरानी आदत है। उनकी तथाकथित चेतावनी का कांग्रेस पर कोई असर नहीं है। असलियत तो यह है कि भाजपा राहुल गांधी की ट्रैक्टर यात्रा से डर गई है।

                                                                                                - कुमारी सैलजा, प्रदेशाध्यक्ष, कांग्रेस।

-------

राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे को लेकर कुरुक्षेत्र में पंजाब बॉर्डर पर बढ़ाई सुरक्षा

कुरुक्षेत्र। राहुल गांधी की ट्रैक्‍टर यात्रा के पंजाब से हरियाणा में प्रवेश को देखते हुए कुरुक्षेत्र में हलचल तेज हो गई हैं। कांग्रेस ने डीसी से उनके दौरे की परमिशन मांगी है। फिलहाल प्रशासन ने इस पर कोई फैसला नहीं लिया है। इधर पुलिस ने पंजाब की सीमा पर सुरक्षा बढ़ा दी है। एसपी ने ट्यूकर बॉर्डर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को जांचा। इसके साथ खुफिया तंत्र भी सक्रिय हो गया है।

राहुल गांधी का हरियाणा का दौरा 6 अक्‍टूबर को प्रस्तावित है। वह पंजाब से हरियाणा में पिहोवा से प्रवेश होेंगे।  यहां से कुरुक्षेत्र और फिर पिपली में पहुंचेंगे। प्रदेश के गृह मंत्री अनिल विज राहुल गांधी को प्रदेश में दाखिल न होने देने की बात साफ शब्दों में कह चुके हैं। उनके बाद भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने भी उनके दौरे को प्रदेश की शांति प्रभावित करने वाला बताया है।

बॉर्डर नाके पर बढ़ाया जाएगा पुलिस बल

एसपी राजेश दुग्गल ने बताया कि सोमवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पंजाब दौरे के बाद बॉर्डर से हरियाणा में दाखिल हो सकते हैं। बॉर्डर पर पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद है। उच्चाधिकारियों से चर्चा कर जरूरत पडऩे बॉर्डर पर पुलिस बल को बढ़ाया जाएगा। डीएसपी रविंद्र तोमर, डीएसपी विपिन कादयान, डीएसपी गुरमेल सिंह की ड्यूटी लगाई गई है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.