कांग्रेस के संगठन विस्तार में हरियाणा के युवा नेताओं को मिली अहम जिम्मेदारी
कांग्रेस संगठन के विस्तार में हरियाणा के युवा नेताओं को अहम जिम्मेदारी दी गई है। राज्य में कांग्रेस के संगठन को मजबूती देने के लिए कई युवा नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है।
नई दिल्ली, जेएनएन। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर हरियाणा कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे को मजबूती दी जा रही है। पार्टी आलाकमान के निर्देश पर राज्य के युवा नेताओं को कई अहम जिम्मेदारी दी गई है। फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र के युवक कांग्रेस अध्यक्ष तरुण तेवतिया को अखिल भारतीय युवक कांग्रेस का मीडिया समन्वयक व राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाया गया है। किसान कांग्रेस में पिछड़ा वर्ग के प्रदेश संयोजक राकेश भड़ाना को राष्ट्रीय सहसमन्वयक बनाया गया है। राकेश को कांग्रेस मुख्यालय में किसान कांग्रेस के कार्यालय संचालन की भी जिम्मेदारी रहेगी।
तरुण तेवतिया बने युवक कांग्रेस का मीडिया समन्वयक व राष्ट्रीय प्रवक्ता
राकेश भड़ाना प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर और विधायक कुलदीप बिश्नोई के नजदीकी हैं। युवा नेता जगत सिंह को भी सहसमन्वयक और विनोद कुमार को संयुक्त समन्वयक बनाया गया है। किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष नाना पटोले ने धर्मवीर कौलेखां को प्रदेश किसान कांग्रेस का चेयरमैन नियुक्त किया है। धर्मवीर रणदीप सुरजेवाला का नजदीकी हैं तथा वे राज्य में जिला परिषद के उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। पृथला से कांग्रेस विधायक रहे रघुबीर तेवतिया के पुत्र तरुण तेवतिया रोहतक के सांसद दीपेंद्र हुड्डा के समर्थक हैं।
------------
'' किसान कांग्रेस राष्ट्रीय स्तर पर किसानों और खेत मजदूरों की समस्याओं को लेकर विस्तृत रूप में चुनावी एजेंडा तैयार कर रहा है। इसमें हरियाणा सहित उत्तर भारत के किसानों का प्रतिनिधित्व करने के लिए मुझे जो जिम्मेदारी मिली है, उसका निर्वाह किसानों की अपेक्षानुरूप करूंगा।
- राकेश भड़ाना, सह समन्वयक, राष्ट्रीय किसान कांग्रेस।