अपराधियों पर हरियाणा पुलिस की टेढ़ी नजर, ड्रग तस्करों व अवैध हथियार के धंधे पर खास निशाना
हरियाणा पुलिस ने राज्य में अपराध पर काबू पाने के लिए विशेष अभियान छेड़ रखा है। उसके निशाने पर ड्रग तस्कर और अवैध हथियार का धंधा करने वाले खास तौर पर हैं।
चंडीगढ़, जेएनएन। हरियाणा पुलिस ने राज्य में अपराधियों के खिलाफ अभिसान छेड़ दिया है। पुलिस के खास निशाने पर ड्रग तस्कर और अवैध हथियार का कारोबार करने वाले हैं। पुलिस राज्य में अपराध व नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए जोर शोर से काम कर रही है। पिछले 15 दिन में पुलिस ने 11 खतरनाक वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इन दिनों में पुलिस ने कुल 612 अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
15 दिन में 612 अपराधियों को किया गिरफ्तार
हरियाणा पुलिस के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) नवदीप सिंह विर्क ने बताया कि नाजायज हथियार रखने के आरोप में 297 व ड्रग्स तस्करी के आरोप में 304 आरोपी गिरफ्तार किए गए है।इसके अतिरिक्त, पुलिस ने इस अवधि में लूट, डकैती, चोरी सहित अन्य जघन्य वारदातों को अंजाम देने वाले 408 अपराधियों तथा 275 बेल जंपर्स/पैरोल जंपर्स को भी गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। इनमें से कई अपराधी काफी लंबे समय से फरार थे।
अवैध हथियार के आरोप में 297 व ड्रग्स तस्करी में 304 आरोपी भी गिरफ्तार
विर्क ने बताया कि पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों, गैरकानूनी हथियार रखने वालों, बेल जंपर्स/पैरोल जंपर्स को सलाखों में भेजने के लिए एक विशेष अभियान चलाया हुआ है। इसके तहत सभी फील्ड इकाइयों को उपरोक्त के अलावा, मोस्टवांटेड अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। पुलिस ने अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसते हुए 297 आरोपियों को काबू कर उनके कब्जे से 229 अवैध पिस्तौल, 19 रिवाल्वर, 53 कट्टे, 10 मैगजीन और 438 कारतूस बरामद किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस अवधि में ड्रग-पेडलर्स के खिलाफ 236 मामले दर्ज कर 304 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से अफीम, चरस, हेरोइन स्मैक, गांजा, चूरा पोस्त सहित 1256 किलोग्राम मादक पदार्थ और 63,243 प्रतिबंधित नशीली गोलियां व कैप्सूल बरामद किए गए हैं।