राहुल गांधी की ट्रैक्टर यात्रा को लेकर हरियाणा सरकार और कांग्रेस आमने-सामने
हरियाणा में कांग्रेस पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी राज्य में ट्रैक्टर यात्रा करेंगे। राहुल गांधी पंजाब से ट्रैक्टर रैली शुरू करेंगे। राहुल गांधी की ट्रैक्टर यात्रा को लेकर हरियाणा सरकार और कांग्रेस आमने - सामने आ गई है।
नई दिल्ली, [बिजेंद्र बंसल]। तीन कृषि कानूनों के खिलाफ पंजाब से शुरू होने वाली कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ट्रैक्टर यात्रा को लेकर हरियाणा सरकार और प्रदेश कांग्रेस आमने-सामने खड़े हो गए हैं। 4 अक्टूबर से शुरू होने वाली राहुल की प्रस्तावित ट्रैक्टर यात्रा के 6 अक्टूबर की शाम पटियाला मार्ग से हरियाणा के पेहवा (कुरुक्षेत्र) में प्रवेश करेगी। पंजाब की तरह हरियाणा में भी राहुल की ट्रैक्टर यात्रा तीन दिन की रहेगी। इसके लिए हरियाणा कांग्रेस पिछले तीन दिनों से लगातार तैयारियों में जुटी है मगर गृहमंत्री अनिल विज ने बयान जारी कर कहा कि राहुल की ट्रैक्टर यात्रा को राज्य की सीमा में घुसने नहीं दिया जाएगा।
शुरू होने से पहले ही गृहमंत्री विज ने हरियाणा में यात्रा रोकने का सुनाया फरमान
विज ने कहा कि तीन कृषि कानूनों का विरोध पंजाब सरकार द्वारा प्रायोजित है। पंजाब में राहुल जो मर्जी करें, इससे हरियाणा को कुछ लेना देना नहीं है, मगर हरियाणा में यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी। विज के बयान पर बिफरी प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष कुमारी सैलजा और राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि विज के बयान से भाजपा की मानसिकता उजागर हो रही है। उन्होंने कहा है कि अभी तो कांग्रेस ने ट्रैक्टर यात्रा के लिए प्रशासनिक अनुमति का आवेदन भी नहीं किया है। गृहमंत्री राजनीतिक कारणों से ट्रैक्टर यात्रा को रोकने का बयान जारी कर रहे हैं।
रोकने पर भी कांग्रेसियों को राजनीतिक शक्ति देगी राहुल की ट्रैक्टर यात्रा
प्रदेश कांग्रेस ने नई दिल्ली स्थित 15 गुरुद्वारा रकाबगंज रोड पर पार्टी के वाररूम कहे जाने वाले कार्यालय में राहुल की तीन दिवसीय ट्रैक्टर यात्रा की तैयारियों को लेकर गहन चिंतन मंथन किया है। बैठक में लगातार दूसरे दिन प्रदेश प्रभारी विवेक बंसल, प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा, नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा, पूर्व मंत्री किरण चौधरी, कैप्टन अजय यादव ने हिस्सा लिया। माना जा रहा है कि राहुल की ट्रैक्टर यात्रा प्रदेश में कांग्रेस के लिए राजनीतिक शक्ति देगी।
विज की चेतावनी के बावजूद कांग्रेस कुरुक्षेत्र जिला प्रशासन को अनुमति के लिए करेगी आवेदन
तीन कृषि कानूनों का विरोध करने के लिए एकत्र हुए किसानों पर कुरुक्षेत्र के पीपली में ही तथाकथित लाठीचार्ज हुआ था। इसके बाद से कांग्रेस इस मुद्दे को लगातार उठा रही है। कांग्रेस के रणनीतिकारों का मानना है कि राज्य सरकार यदि पंजाब से आते हुई राहुल गांधी की ट्रैक्टर यात्रा को रोकती है तो भी पार्टी को राजनीतिक रूप से फायदा मिलेगा। इसके अलावा यदि राज्य सरकार ट्रैक्टर यात्रा को कुरुक्षेत्र के पीपली तक जाने देती है तो भी कांग्रेस इस मुद्दे को बरोदा उपचुनाव तक तो अवश्य जीवंत रखने में कामयाब हो जाएगी।
हरियाणा आएंगे राहुल, विज रोक कर देखें : सैनी
कांग्रेस के पिछड़ा वर्ग विभाग के राष्ट्रीय संयोजक एडवोकेट अनिल सैनी ने गृह मंत्री अनिल विज के बयान पर कहा है कि राहुल गांधी पहले पंजाब में आएंगे और फिर हरियाणा में ट्रैक्टर यात्रा निकालेंगे। विज रोककर देख लें। पिछड़ा वर्ग नेता ने कहा कि हरियाणा ही नहीं, देश के हर वर्ग व समाज के नागरिक केंद्र सरकार की मनमानी और गलत नीतियों से परेशान हैं।
यह भी पढ़ें: राहुल गांधी की पंजाब मेंं ट्रैक्टर रैली का कार्यक्रम फिर बदला, नवजाेत सिद्धू की कांग्रेस करेगी ' री लांचिंग'
यह भी पढ़ें: पंजाब कांग्रेस में बड़े बदलाव के संकेत, पार्टी प्रभारी रावत ने कहा- सिद्धू पार्टी के भविष्य, लीड करेंगे
यह भी पढ़ें: दो साल पूर्व UPSC परीक्षा व इंटरव्यू पास होने के बाद भी ज्वाइनिंग नहीं, कैट पहुंची चंडीगढ़ की भव्या
यह भी पढ़ें: Punjab Politics:सिद्धू की सियासी हसरत तो हुई पूरी, बड़ा सवाल क्या 'गुरु' की भाजपा में होगी वापसी
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें