नए सिरे से संगठन खड़ा करेगी हरियाणा कांग्रेस, नए प्रभारी ने कहा- एक हद तक गुटबाजी बर्दाश्त
हरियाणा कांग्रेस नए सिरे से संगठन खड़ा करेगी। नए प्रदेश प्रभारी विवेक बंसल ने कहा कि नेताओं की एक हद तक गुटबाजी तो बर्दाश्त की जाएगी लेकिन यह पार्टी के लक्ष्य में बाधा न बने।
चंडीगढ़, जेएनएन। हरियाणा कांग्रेस का प्रभारी बदले जाने के बाद अब पार्टी ने संगठन पर फोकस किया है। बृहस्पतिवार को पहली बार चंडीगढ़ पहुुुंचे नए प्रदेश प्रभारी विवेक बंसल ने साफ किया कि एक हद तक गुटबाजी बर्दाश्त कर सकते हैं, लेकिन यह सामूहिक लक्ष्य में बाधक नहीं होनी चाहिए। जल्द ही संगठन को नए सिरे से खड़ा करते हुए जिला और ब्लॉक स्तर पर नियुक्तियां की जाएंगी। संगठन में समर्पित, संघर्षशील और जमीन से जुड़े लोगों को ही नियुक्त किया जाएगा।
हरियाणा कांग्रेस के नए प्रभारी विवेक बंसल ने वरिष्ठ नेताओं संग किया मंथन
प्रदेश कार्यालय पहुंचे विवेक बंसल ने विपक्ष के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, हरियाणा कांग्रेस की प्रधान कुमारी सैलजा, राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सुरजेवाला, विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के उपनेता आफताब अहमद, पूर्व शिक्षा मंत्री और विधायक गीता भुक्कल, पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव, विधायक शकुंतला खटक और भारत भूषण बतरा सहित अन्य पार्टी पदाधिकारियों और पूर्व सांसद-विधायकों के साथ प्रदेश के हालात पर चर्चा की।
सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा के समर्थन में प्रस्ताव पारित
बैठक में प्रस्ताव पास कर कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा की नीतियों में प्रतिबद्धता दोहराई गई। इस दौरान पार्टी प्रभारी ने कहा कि संगठन नहीं होने से पार्टी को नुकसान हुआ है। भले ही कोरोना काल चल रहा है, लेकिन दूसरे कार्यों की तरह सांगठनिक गतिविधियां भी निरंतर चलनी चाहिए। बैठकों के दौर लगातार होने चाहिए। संगठन के साथ ही तमाम कांग्रेसी सड़कों पर संघर्ष करते दिखेंगे।
विशेष सत्र के लिए राज्यपाल से मिलेंगे हुड्डा
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा किसानों से जुड़े तीन अध्यादेशों को हरियाणा में निरस्त कराने और विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने की मांग को लेकर शुक्रवार को राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य से मिलेंगे। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण कम होते ही कुरुक्षेत्र के पीपली से राज्यस्तरीय आंदोलन की शुरुआत होगी जिसमें दस लाख से अधिक लोग जुटेंगे।
21 को सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन : सैलजा
हरियाणा कांग्रेस की प्रधान कुमारी सैलजा ने कहा कि कृषि अध्यादेशों के विरोध में 21 सितंबर को सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपे जाएंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार चौथा विधेयक लाकर मंडियों से बाहर न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसलों की खरीद सुनिश्चित करे और इससे काम दाम देने वाले लोगों पर कार्रवाई का प्रावधान करे तो हम तीनों विधेयक मानने को तैयार हैं।
सुरजेवाला ने विरोधाभास पर उठाए सवाल
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि जल्द ही संगठन को खड़ा किया जाएगा और पार्टी नए क्लेवर में दिखेगी। उन्होंने कहा कि एक तरफ मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर रजिस्टर्ड किसान से ही मंडियों में फसल खरीदने की बात कही जा रही है तो दूसरी ओर कहा जा रहा कि कोई भी किसान कहीं पर भी अपनी फसल बेच सकता है। यह विरोधाभास किसानों को कहीं का नहीं छोड़ेगा।