Move to Jagran APP

कृषि कानूनों के विरोध में हरियाणा कांग्रेस का चंडीगढ़ में प्रदर्शन, हुड्डा, सैलजा व सुरजेवाला सहित कई कांग्रेसी हिरासत में

केंद्र सरकार द्वारा लाए गए कृषि कानूनों के विरोध में हरियाणा कांग्रेस के नेताओं ने चंडीगढ़ में प्रदर्शन किया। वह राजभवन कूच कर रहे थे लेकिन पुलिस ने हुड्डा सैलजा व रणदीप सुरजेवाला सहित वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में ले लिया।

By Kamlesh BhattEdited By: Published: Fri, 15 Jan 2021 02:19 PM (IST)Updated: Fri, 15 Jan 2021 05:11 PM (IST)
कृषि कानूनों के विरोध में हरियाणा कांग्रेस का चंडीगढ़ में प्रदर्शन, हुड्डा, सैलजा व सुरजेवाला सहित कई कांग्रेसी हिरासत में
हरियाणा कांग्रेस के नेताओं को हिरासत में लेती पुलिस। जागरण

जेएनएन, चंडीगढ़। केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए कृषि कानूनों के विरोध में हरियाणा कांग्रेस के विधायकों व नेताओं ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में राजभवन तक रोष मार्च निकाला। इस बीच चंडीगढ़ पुलिस ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस अध्यक्षा कुमारी सैलजा व रणदीप सुरजेवाला समेत दर्जनों नेताओं को हिरासत में ले लिया। करीब दो घंटे की कागजी कार्रवाई के बाद चंडीगढ़ पुलिस ने कांग्रेसियों को रिहा कर दिया।

prime article banner

कांग्रेसी कृषि कानूनों को वापस लिए जाने की मांग पर राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम के तहत आज सडक़ों पर उतरे। चंडीगढ़ के सेेक्टर- 9 स्थित कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्षा कुमारी सैलजा ने कहा कि केंद्र सरकार ने पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए कानून किसानों पर थोपने का काम किया है। उन्होंने कहा कि कड़ाके की ठंड में धरने पर बैठे किसानों की मौत हो रही है। सैकड़ों की संख्या में किसान बीमार पड़ रहे हैं। इसके बावजूद मोदी सरकार कुछ लोगों के हितों के लिए पूरे देश के साथ खिलवाड़ कर रही है।

हरियाणा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि सरकार इन कानूनों को लागू करने से पहले एमएसपी की गारंटी का कानून भी लेकर आए। उन्होंने कहा कि विधानसभा में इस मुद्दे पर अविश्वास प्रस्ताव लाया जाएगा। जिसके माध्यम से प्रदेश सरकार बेकनकाब होगी। हुड्डा ने कहा कि हरियाणा सरकार अपने विधायकों और प्रदेश की जनता का विश्वास खो चुकी है।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि कालका से लेकर पृथला तक समूचे हरियाणा के किसान और कांग्रेस पार्टी कृषि कानूनों के विरोध में पूरी तरह से एकजुट हैं। 50 से अधिक किसानों की मौत के बावजूद प्रधानमंत्री मोदी को केवल अपने पूंजीपति मित्रों की चिंता है।

कांग्रेस मुख्यालय में कार्यक्रम के बाद कांग्रेस के सभी विधायक एवं पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने सेेक्टर नौ से राजभवन तक पैदल मार्च शुरू किया। चंडीगढ़ पुलिस ने नाकाबंदी करके उन्हें रास्ते में ही रोक लिया। चंडीगढ़ पुलिस ने नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा, रणदीप सुरजेवाला, कुमारी सैलजा, किरण चौधरी के अलावा जयवीर वाल्मीकि, इंदुराज नरवाल, जगबीर वाल्मीकि, गीता भुक्कल, नीरज शर्मा, सुरेंद्र पंवार व कई पूर्व विधायकों समेत दर्जनों नेताओं को हिरासत में लिया। करीब दो घंटे की कागजी कार्रवाई के बाद चंडीगढ़ पुलिस ने कांग्रेसियों को रिहा कर दिया।

रिहा होते ही हुड्डा ने किया राजभवन कूच

चंडीगढ़ में कृषि कानूनों के विरोध में प्रदर्शन करने वाले हरियाणा के कांग्रेस नेताओं को पुलिस द्वारा हिरासत में ले लिया गया। चंडीगढ़ पुलिस हुड्डा तथा अन्य नेताओं को सेक्टर-तीन के पुलिस थाने में लेकर गई। जहां करीब एक घंटे की कार्रवाई के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया। रिहा होते ही हुड्डा तथा कुछ विधायक दोबारा राजभवन की तरफ कूच कर गए। चंडीगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नेताओं को दोबारा हिरासत में लिया और सेेक्टर-17 के पुलिस थाने में लेकर गई, जहां हुड्डा समेत कई नेता कुछ समय के लिए धरने पर भी बैठे। इसके बाद पुलिस ने करीब एक घंटे तक थाने में बिठाने के बाद उन्हें रिहा कर दिया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.