भाजपा अध्यक्ष नड्डा से मिले हरियाणा सीएम, मनोहरलाल बोले- कैबिनेट विस्तार पर नहीं हुई चर्चा
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने आज दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। मुलाकात के बाद मनोहरलाल ने कहा कि हरियाणा के कई मुद्दों पर चर्चा हुई लेकिन कैबिनेट में विस्तार को लेकर कोई बातचीत नहीं हुई।
नई दिल्ली, जेएनएन। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बृहस्पतिवार को नई दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। बाद में मनोहरलाल ने कहा कि जेपी नड्डा से हरियाणा के विभिन् मुद्दों पर चर्चा हुई, लेकिन अभी हरियाणा कैबिनेट के विस्तार को लेकर किसी तरह की बातचीत नहीं हुई।
बता दें सीएम मनोहरलाल बुधवार देर रात दो दिन के दिल्ली दौरे पर रहेंगे। आज वह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के अलावा कुछ केंद्रीय मंत्रियों से भी मिलेंगे। इसके अलावा सीएम इस दौरे के दौरान राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की नई टीम के प्रमुख सदस्यों से भी मुलाकात कर सकते हैं।
नई दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत करते हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल। (जागरण)
मनोहरलाल बृहस्पतिवार सुबह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिलने पहुंचे। मनोहरलाल ने नड्डा को राज्य के राजनीतिक हालात की जानकारी दी। उन्होंने किसान आंदोलन से पैदा स्थिति के बारे में भी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को अवगत कराया।
बाद में उन्होंने पत्रकारोंं से बातचीत में कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड़्डा से हरियाणा के विभिन्न मुद्दाें पर चर्चा हुई, लेकिन अभी मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर कोई बात नहीं हुई। हरियाणा का बजट सत्र बहुत अच्छी प्रकार से संपन्न हुआ। कांग्रेस द्वारा अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था और उनकी शंकाए भी दूर हुईं। हमने विपक्ष की हर बात का जवाब दिया।
मनोहरलाल ने कहा हि पिछले एक महीने से राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलना नहीं हुआ था और इसी कारण वह उनसे मिलने आए थे। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पांच राज्यों में जो चुनाव चल रहे हैं उसमें हरियाणा के कार्यकर्ताओं को भेजे जाने का आह्वान किया है। नड्डा के साथ हरियाणा की परिस्थितियों को लेकर भी चर्चा हुई। किसान आंदोलन और कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर भी चर्चा हुई। हमने अपनी तैयारियों के बारे में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के सामने रखा।
मनोहरलाल ने कहा कि हरियाणा में फिल्म सिटी स्थापित करने को लेकर जगह चिन्हित की गई है, बाकि विभागों को प्लान बनाने को कह दिया गया है। पिंजौर में एचएमटी की जमीन हमें मिल गई है। उसी जमीन में से कुछ हिस्से पर फिल्म सिटी का निर्माण होगा। प्रक्रिया चालू है, बहुत जल्दी काम पूरा होगा।
मनोहरलाल ने कहा कि जबरदस्ती धर्मांतरण के खिलाफ विधेयक को लेकर हमने तैयारी की थी कि लेकिन उसपर कुछ ऑब्जेक्शन उठाए गए और अब बिंदुओं का समाधान कर लिया गया है। इस पर अब विचार करेंगे। इस बारे में अध्यादेश लाया जाएगा या अगले विधानसभा सत्र में विधेयक पेश करेंगे। इस विधेयक की आवश्यकता है। बहुत से ऐसे मामले सामने आए हैं। हर वर्ग चाहता है ऐसे मामले नहीं होने चाहिए।
भाजपा सांसद डॉ. अरविंद शर्मा के पिता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हरियाणा के सीएम मनोहरलाल। (जागरण)
उन्होंने कहा कि लड़कियों और महिलाओं के खिलाफ अपराध के केसों के लिए हमने फास्ट ट्रैक कोर्ट के मध्यम से कार्रवाई करने की घोषण की थी। फ़रीदाबाद में निकिता हत्याकांड की फ़ास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई पर सरकार को पूरा संतोष है। 12 साल की बच्चियों के साथ हुए अपराध को फास्ट कोर्ट में जैसे डाला है उसी प्रकार के ये केस भी फास्ट ट्रैक कोर्ट में जाएंगे। इससे पहले मुख्यमंत्री रोहतक के सांसद डाॅ. अरविंद शर्मा के आवास पर भी गए और उनके पिता के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने डॉ. अरविंद शर्मा के पिता को श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
बता दें कि सीएम का दिल्ली दौरा राज्य की राजनीति में इसीलिए भी अहम माना जा रहा है कि उनकी सरकार में सहयोगी दल जजपा ने अपने कोटे का एक मंत्री बनाने के लिए पूरा दबाव बनाया हुआ है। बताया जाता है हिक केंद्रीय नेतृत्व ने सीएम मनोहर लाल को राज्य सरकार की मंत्रिपरिषद गठित करने के लिए एक तरह से फ्री-हैंड दिया हुआ है।
बताया जा रहा है कि सीएम ने चार मंत्रियों को हटाकर नए मंत्रियों सहित पुराने मंत्रियों के विभागों की सूची भी तैयार की हुई है मगर फिलहाल वे खुद ही इसके लिए तैयार नहीं है। इसका कारण कि राज्य में दो उपचुनाव हैं और राज्य मंत्रिपरिषद में भी दो ही सीट खाली हैं। यदि ये दाेनों सीट भर दी जाती हैं तो फिर उपचुनाव में सत्तापक्ष के लिए कुछ कहने को नहीं रह जाता।
उपचुनाव से पहले जजपा कोटे का ही मंत्री बनाया जा सकता है
यदि सीएम को हाईकमान से निर्देश मिला तो वे उपचुनाव से पहले सिर्फ जजपा कोटे का ही एक मंत्री बना सकते हैं। हां, सीएम बोर्ड व निगम के चेयरमैन व अन्य राजनीतिक नियुक्तियां शीघ्र करेंगे। इसके लिए सीएम भाजपा के प्रदेश संगठन टीम का इंतजार कर रहे हैं। जजपा से भी सीएम ने इसके लिए नाम मांग लिए हैं।
यह भी पढ़ें: मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह का हरियाणा से है बेहद खासा नाता, जानें कैसे रहा है जुड़़ाव
यह भी पढ़ें: यमुना हरियाणा में स्वच्छ और दिल्ली में मैली, सुप्रीम कोर्ट में तथ्यों से जवाब देगी मनोहर सरकार
हरियाणा की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें