ओमप्रकाश चौटाला पर सीएम मनोहर लाल का पलटवार, भविष्यवक्ता होते तो 'वहां' न होते
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इनेलो नेता व पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला के उस बयान पर तंज कसा जिसमें उन्होंने मध्यावधि चुनाव की बात कही थी। मनोहर ने कहा कि अगर चौटाला भविष्यवक्ता होते तो जेल में न होते।
जेएनएन, चंडीगढ़। हरियाणा में मध्यावधि चुनाव का दावा कर रहे पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पलटवार किया है। सीएम ने कहा कि अगर चौटाला भविष्य वक्ता होते तो वह आज वहां पर नहीं होते, जहां अपने किए की सजा भुगत रहे हैं। उनकी सरकारों के 'कारनामे' हमारी सरकार नहीं करती। बरोदा के उपचुनाव में जनता फिर सब कुछ साफ कर देगी।
23 अक्टूबर से बरोदा के चुनावी दंगल में उतरने की तैयारी कर रहे इनेलो सुप्रीमो चौटाला ने जननायक जनता पार्टी (जजपा) के कुछ विधायकों के बगावत करने की आशंका जताते हुए उपचुनाव के बाद सरकार गिरने की बात कही थी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इसे ख्याली पुलाव करार देते हुए कहा कि प्रदेश की जनता समझदार हो गई है। अब उसे बरगलाया नहीं जा सकता।
कृषि कानूनों पर जजपा के कुछ विधायकों के अलग सुर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरी उनसे बात हुई है। वह सरकार के साथ हैं और देर-सवेर उन्हें नए कानूनों के फायदे दिख ही जाएंगे। प्रदेश में पहली बार मक्का की सरकारी खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जा रही है। अब तक धान व अन्य फसलों के भुगतान के लिए एक हजार करोड़ रुपये सरकार की ओर से जारी किए जा चुके हैं।
हरियाणा के किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदा जाएगा। मंडियों में सबसे पहले प्रदेश के किसानों की फसलों की खरीद की जा रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब व राजस्थान सरकार भी न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसलों की खरीद करें तो उनके किसानों को हरियाणा में आना ही न पड़े।