Move to Jagran APP

बुलंद हौसले से हवा और पानी में उतरे हरियाणा के सीएम मनोहर लाल, मोरनी हिल्स में अब लें Adventure Sports का मजा

हरियाणा के सीएम मनोहर लाल ने मोरनी में पानी में जेट स्कूटर चलाया। साथ ही हॉट बैलून पर चढ़कर मोरनी की पहाड़ियों का नजारा देखा। कहा कि वह सरकार और कार दोनों बुलंद हौसले के साथ चलाते हैं।

By Kamlesh BhattEdited By: Published: Sun, 20 Jun 2021 06:53 PM (IST)Updated: Mon, 21 Jun 2021 07:34 AM (IST)
बुलंद हौसले से हवा और पानी में उतरे हरियाणा के सीएम मनोहर लाल, मोरनी हिल्स में अब लें Adventure Sports का मजा
मोरनी में मुख्यमंत्री मनोहर लाल पानी में जेट स्कूटर चलाते हुए।

पंचकूला [राजेश मलकानियां]। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल रविवार को हरियाणा के पर्यटन स्थल मोरनी में फुल फार्म में नजर आए। मुख्यमंत्री के अंदाज के सभी लोग कायल हो गए। 67 वर्षीय मनोहर लाल एडवेंचरर्स स्पोर्टस का एक युवा की तरह आनंद लेते नजर आए। मनोहर लाल ने माना कि एडवेंचरर्स खेलों में रिस्क है, लेकिन यदि हम रिस्क नहीं लेंगे तो हमारी उम्र के लोग ऐसे खेलों का आनंद नहीं ले पाएंगे, इसलिए मैंने खुद एक उदाहरण पेश किया और उम्मीद करता हूं कि मेरी उम्र के लोग भी मोरनी की वादियों में इन एडवेंचरर्स खेलों का मजा लेने जरुर आएंगे।

loksabha election banner

मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर के जरिये सुबह पौने 12 बजे टिक्कर ताल पहुंचे। जहां पर उन्होंने सभी एडवेंचरर्स गेम्स के बारे में जानकारी ली। मनोहर लाल ने सबसे पहले पानी में जेट स्कूटर को झंडी दिखाई। राइडर ने पहले खुद स्कूटर चलाया। उसके बाद मनोहर लाल ने पीछे बैठकर इस स्कूटर को चलाने के बारे में जानकारी ली। लगभग 10 मिनट बाद मुख्यमंत्री ने खुद जेट स्कूटर खुद चलाया।

उन्होंने लगभग 10 मिनट तक टिक्करताल के पानी में 45 किलोमीटर प्रतिघंटा की स्पीड से स्कूटर चलाया। मनोहर लाल ने कहा कि यह स्कूटर चलाकर काफी रोमांचक महसूस हुआ। यदि आपके हौसले बुलंद हैं, तो आप कुछ भी कर सकते हैं। हम सरकार और कार दोनों ही बुलंद हौंसलों के साथ चला रहे हैं।

हॉट बैलून से ग्रामीण का अभिवादन

मनोहर लाल ने हॉट बैलून का भी आनंद उठाया। हॉट बैलून के जरिये मुख्यमंत्री लगभग 40 फुट ऊंचाई तक गए। इस दौरान मोरनी के लोग भी पहाड़ियों पर खड़े थे। उन्होंने मुख्यमंत्री को भी हाथ जोड़कर नमस्ते की, तो मुख्यमंत्री ने भी हाथ खिलाकर उनका अभिवादन किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि अटल बिहारी वाजपेयी इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड एलायड स्पोट्र्स, मनाली के प्रबंधकों का कहना है कि मोरनी में हॉट एयर बैलून के लिए यहां की हवा अनुकूल नहीं है। यहां केवल सुबह पांच से छह बजे, शाम को सात बजे से आठ बजे तक ही हॉट एयर बैलून की राइड की जा सकती है। इस टाइम पीरियड में पर्यटक मिलना मुश्किल होगा, इसलिए पिंजौर में हॉट बैलून शुरु किया जाएगा।

हवा में 15 मिनट घूमते रहे मनोहर

मुख्यमंत्री ने स्कूटर बिग एयर का भी जमकर मजा लिया। इस एडवेंचर्स स्पोर्टस का हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता, पर्यटन मंत्री कंवरपाल गुजर्र और खेलमंत्री संदीप सिंह ने भी मजा लिया। सबसे पहले संदीप सिंह, फिर ज्ञान चंद गुप्ता और उसके बाद मुख्यमंत्री स्कूटर बिग एयर से हवा में उड़े। संदीप सिंह और ज्ञान चंद गुप्ता तो लगभग 5 से 7 मिनट तक हवा में उड़ते रहे, लेकिन मुख्यमंत्री आनंदित महसूस कर रहे थे और 15 मिनट तक हवा में रहे। उन्होंने पैराग्लाडिंग, जॉर्बिंग, ड्रैगन बोट चलाने वालों का भी हौसला बढ़ाया।

मोरनी में बनेगा फ्लाइंग सिख मिल्खा सिंह पैराग्लाईडिंग क्लब

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने घोषणा की है कि मोरनी में पैराग्लाडिंग क्लब अब फ्लाइंग सिख मिल्खा सिंह पैराग्लाडिंग क्लब रखा जाएगा। मोरनी में आसपास के युवाओं को ही प्रशिक्षण दिया जाएगा और इन गतिविधियों के संचालन के लिए क्लब का गठन किया जाएगा। पैराग्लाईडिंग के लिए मोरनी एक बेहद उपयुक्त स्थल साबित होगा। इससे आसपास के गांवों में रोजगार बढ़ेगा और प्रदेश के राजस्व में भी वृद्धि होगी। पंचकूला में पर्यटन सूचना केंद्र बनाया जाएगा। इसके साथ ही यात्री निवास की भी पर्याप्त व्यवस्था की जाएगी। पंचकूला दर्शन के लिए पांच बसें लगाई जाएंगी।

मनोहर लाल ने कहा कि साहसिक खेल गतिविधियों में एक दिवसीय 9 ट्रेकिंग रुट भी तैयार कर लिए गए हैं। जल्द ही नाइट स्टे व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देकर दो दिवसीय ट्रेकिंग रूट भी फाइनल किए जाएंगे। पत्रकारों से बातचीत करते हुए मनोहर लाल ने मोरनी टिक्करताल में साहसिक खेल गतिविधियों का अवलोकन कर युवाओं का हौसला बढ़ाया। ट

उन्होंने पंचकूला को सांस्कृतिक, मेडिकल, वन्य जीव एवं अन्य क्षेत्रों में विकसित करने के प्रति प्रतिबद्धता जताई। मुख्यमंत्री ने पैराग्लाइडिंग, हॉट एयर बैलून, पैरासेलिंग, पावर मोटर, ई-हाईड्रोफॉयल, जेट स्कूटर, नौकायन आदि का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि साहसिक खेल गतिविधियों के लिए लोगों को बहुत दूर मनाली आदि क्षेत्रों में जाना पड़ता है। शिवालिक पहाड़ियों के बीच मोरनी हिल्स एरिया में इस तरह की गतिविधियां शुरू होने से लोगों को न केवल रोमांचक गतिविधियों में शामिल होने का अवसर मिलेगा, बल्कि इनसे आसपास के क्षेत्र का आर्थिक विकास भी होगा। यह क्षेत्र सांस्कृतिक रूप से समृद्ध रहा है। इस क्षेत्र का भौगोलिक एवं सामाजिक रूप से प्रचीन इतिहास रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कालका से कलेसर तक का क्षेत्र पर्यटन रूट के रूप में विकसित किया जा रहा है। नाडा साहेब और मनसा देवी तीर्थ स्थलों के विकास के लिए केंद्र से 49 करोड़ रुपये की राशि मिली है, जिससे इन स्थलों पर कार्य करवाए जा रहे हैं । उन्होंने कहा कि आदिबद्री के लिए 52 करोड़ रुपये की राशि मिली है, जिससे वहां पर भी कार्य करवाए जा रहे हैं। इस रूट से मोरनी को भी जोड़ा जा रहा है। इसमें माधोगढ, लोहगढ में बना किला भी पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र होगा। टूरिज्म के हिसाब से और स्थानों पर भी गतिविधियां शुरू की जाएंगी। इनमें रानी महल बावड़ी नारनौल, ब्रह्म सरोवर कुरुक्षेत्र, पानीपत, करनाल में भी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा को टूरिज्म के मानचित्र पर अलग पहचान दिलाना है। इसके लिए पर्यटन विभाग निरंतर योजनाओं पर काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि धर्मस्थलों की यात्राओं के लिए पहले से ही कई योजनाएं चल रही हैं, जिनमें स्वर्ण जयंती सिंधु दर्शन योजना, नांदेड हजूर साहिब साहेब, पटना साहिब आदि शामिल हैं। इस मौके पर केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री रतन लाल कटारिया, हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, हरियाणा के पर्यटन मंत्री कंवरपाल, खेल मंत्री संदीप सिंह, पंचकूला के महापौर कुलभूषण गोयल, अतिरिक्त मुख्य सचिव एके सिंह, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डा. अमित अग्रवाल, महानिदेशक आरएस वर्मा, उपायुक्त विनय प्रताप सिंह भी उपस्थित थे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.