Move to Jagran APP

हरियाणा मंत्रिमंडल का विस्तार आज, देवेंद्र बबली का मंत्री बनना तय, जानें और कौन-कौन हैं दौड़ में

हरियाणा के मंत्रिमंडल विस्तार का इंतजार खत्म हो गया है। मनोहर लाल के नेतृत्व वाली भाजपा-जजपा गठबंधन का मंत्रिमंडल विस्तार आज मंगलवार को राजभवन में शाम चार बजे होगा। जननायक जनता पार्टी के कोटे से टोहाना के विधायक देवेंद्र बबली का मंत्री बनना तय माना जा रहा है।

By Kamlesh BhattEdited By: Published: Mon, 27 Dec 2021 03:43 PM (IST)Updated: Tue, 28 Dec 2021 09:18 AM (IST)
हरियाणा मंत्रिमंडल का विस्तार आज, देवेंद्र बबली का मंत्री बनना तय, जानें और कौन-कौन हैं दौड़ में
हरियाणा मंत्रिमंडल का विस्तार कल होगा। ब्रेकिंग न्यूज

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व वाली हरियाणा की भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार में आज मंगलवार को मंत्रिमंडल विस्तार होने जा रहा है। करीब सवा दो साल बाद होने जा रहे इस विस्तार में दो नए मंत्री बनेंगे। एक मंत्री जननायक जनता पार्टी के कोटे से बनना है और दूसरा मंत्री भाजपा के कोटे से बनाया जाना है। जननायक जनता पार्टी के कोटे से टोहाना के विधायक देवेंद्र बबली का नाम तय है। उन्हें खाद्य एवं आपूर्ति विभाग दिया जा सकता है। अभी तक यह विभाग उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के पास है।

loksabha election banner

भाजपा कोटे से मंत्री बनाए जाने के लिए चार नाम चर्चा में हैं। सबसे ऊपर विधानसभा स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता का नाम चल रहा है, जिन्हें स्पीकर से पद से अलग कर मनोहर कैबिनेट में शामिल किया जा सकता है। ज्ञानचंद गुप्ता यदि मंत्री बनते हैं तो विधानसभा के बजट सत्र से पहने होने वाले स्पेशल सत्र में नए स्पीकर का चयन किया जा सकता है। भाजपा सरकार आजादी के अमृत महोत्सव को समर्पित विशेष सत्र आयोजित करने वाली है। तब तक डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा कार्य संभालते रहेंगे।

भाजपा कोटे से ही हिसार के विधायक डा. कमल गुप्ता का नाम मंत्री पद के लिए लंबे समय से राजनीतिक गलियारों में घूम रहा है। ज्ञानचंद गुप्ता और डा. कमल गुप्ता के साथ ही पलवल के विधायक दीपक मंगला का नाम भी मंत्री पद के लिए चल रहा है। भाजपा वैश्य कोटे से मंत्री बनाना चाह रही है। दीपक मंगला सीएम की पसंद हो सकतेहैं, जबकि ज्ञानचंद गुप्ता केंद्रीय नेताओं की पसंद माने जा रहे हैं।

90 सदस्यीय विधानसभा में 14 मंत्री हो सकते हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल समेत कैबिनेट में अभी तक 12 मंत्री हैं। जजपा कोटे से डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला और पुरातत्व एवं अभिलेखागार राज्य मंत्री अनूप धानक मुख्यमंत्री मनोहर लाल की कैबिनेट में शामिल हैं। चर्चा इस बात की भी है कि मंत्रिमंडल विस्तार के साथ कुछ मंत्रियों की छुट्टी हो सकती है, लेकिन इस बात की संभावना काफी कम है। यदि किसी मंत्री को हटाने की बात आई तो समाज कल्याण राज्य मंत्री ओमप्रकाश यादव का नंबर लग सकता है। उनके हटने की स्थिति में नांगल चौधरी के भाजपा विधायक डा. अभय सिंह यादव को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है।

राजनीतिक गलियारों में गृह विभाग मुख्यमंत्री के पास आने की चर्चाएं हैं। अभी तक गृह मंत्रालय अनिल विज के पास है। सीआइ़डी की रिपोर्टिंग को लेकर मुख्यमंत्री और गृह मंत्री में पहले काफी बवाल हो चुका है। तभी से अटकलें लगाई जाने लगी थी कि अनिल विज से गृह विभाग वापस लिया जाएगा, लेकिन सूत्रों का यह भी कहना है कि मुख्यमंत्री अभी किसी को अस्थिर नहीं करेंगे। खेल राज्य मंत्री संदीप सिंह को हटाने की अटकलें हैं, लेकिन सूत्रों का कहना है कि उन्हें हटाने की बजाय कैबिनेट मंत्री बनाया जा सकता है। अप्रैल में बजट सेशन के बाद बड़ा बदलाव होगा, जिसमें कई मंत्रियों की छुट्टी हो सकती है।

मंत्रिमंडल विस्तार की सुगबुगाहट के बीच गृह मंत्री अनिल विज के दिल्ली दौरे की सूचना है। फतेहाबाद के भाजपा विधायक दूड़ा राम भी दिल्ली हैं, जिन्होंने कल गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। चार दिन पहले ही उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला विधानसभा सत्र की कार्यवाही बीच में छोड़कर दिल्ली पहुंचे थे। तब उनकी किसी नेशनल लीडर से मुलाकात तो नहीं हुई, लेकिन फोन पर हुई बातचीत में सब कुछ स्थिति साफ हो चुकी थी। हरियाणा राजभवन में मंगलवार शाम को चार बजे राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय नए मंत्रियों को शपथ दिलाएंगे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.