राहुल गांधी के उत्तर भारतीयोंं के बारे में बयान पर बरसे हरियाणा के भाजपा नेता, विज और रामबिलास ने साधा निशाना
हरियाणा भाजपा के नेताओं ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर उनके उत्तर भारतीयों के बारे में बयान को लेकर निशाना साधा है। हरियाणा के गृहमंत्री रामबिलास शर्मा और पूर्व मंत्री रामबिलास शर्मा ने कहा है कि कांग्रेस को रसातल में पहुंचाने के लिए राहुल गांधी जिम्मेदार हैं।
चंडीगढ़, जेएनएन। कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता एवं केरल के वायनाड से सांसद राहुल गांधी के उस बयान पर उत्तर भारत के लोगों के बारे में बयान पर हरियाणा भाजपा के नेता जमकर बरसे हैं। इन नेताओं ने कहा है कि राहुल गांधी ने उत्तर भारत के लोगों की समझ पर सवाल उठाए हैं। हरियाणा भाजपा के दिग्गज नेताओं राज्य के गृहमंत्री अनिल विज और पूर्व शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा ने राहुल गांधी की घेराबंदी की है। दोनों नेताओं ने कहा है कि राहुल गांधी अपने राजनीतिक लाभ के लिए देश को हिस्सों में बांटने की राजनीति कर रहे हैं। वह उत्तर भारत के लोगों की सियासी समझ पर सवाल उठाए हैं, लेकिन वास्तव में राहुल गांधी के पास स्वयं ही कोई राजनीतिक समझ नहीं है।
कहा, राहुल ही कांग्रेस को रसातल में पहुंचाने के लिए जिम्मेदार
दोनों नेताओं ने कहा है कि राहुल गांधी ने उत्तर भारतीयों का अनादर किया है। बता दें कि राहुल गांधी ने पिछले मंगलवार को केरल के तिरुवनंतपुरम में कहा था कि पहले 15 साल मैं उत्तर भारत से एक सांसद था। वहां रहते हुए मुझे एक अलग प्रकार की राजनीति की आदत थी। मेरे लिए केरल आना बहुत रिफ्रेशिंग था, क्योंकि मुझे अचानक पता चला कि यहां के लोग मुद्दों में रुचि रखते हैं और न केवल सतही रूप से बल्कि मुद्दों के बारे में विस्तार से जानकारी भी रखते हैं। राहुल के इस बयान ने उत्तर भारत बनाम दक्षिण भारत की बहस छेड़ दी। हरियाणा भाजपा का मानना है कि राहुल ने अपने इस बयान के माध्यम से उत्तर भारत के लोगों की समझ पर गंभीर सवाल उठाए हैं, जो स्वीकार नहीं किए जा सकते।
हरियाणा भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा ने कहा कि कांग्रेस हमेशा लोगों को बांटती आई है। राहुल गांधी पैदा ही कांग्रेस के विनाश के लिए हुए हैं और वह अपनी जिम्मेदारी का बखूबी निर्वाह कर रहे हैं। प्रो. रामबिलास ने कहा, मैं इस बात पर हैरान हूं कि कांग्रेस के लोग राहुल गांधी को दोबारा अपना अध्यक्ष बनाने पर क्यों तुले हैं। इस मामले में कांग्रेस के जी-23 में शामिल नेताओं की सोच ठीक हो सकती है, क्योंकि उन्हें पता है कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस लगातार रसातल में जा रही है। हरियाणा में भी कांग्रेस पूरी तरह बिखरी हुई है।
विज बाेले- कांग्रेस के जी-23 के नेताओं का गांधी टोपी उतारकर भगवा टोपी पहनना अच्छा लगा
हरियाणा के गृह, स्वास्थ्य एवं शहरी निकाय मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस के जी-23 नेताओं के जम्मू में गुलाम नबी आजाद द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भगवा पगड़ी पहनने पर प्रतिक्रिया जाहिर की है। अनिल विज ने ट्वीट कर कहा कि कांग्रेस के असंतुष्ट नेताओं ने गांधी टोपी उतार कर भगवा पगड़ी पहन ली, यह देखकर मुझे बहुत अच्छा लगा । राहुल गांधी बेचारे समुंदर में छलांग लगाकर इनके लिए मोती ढूंढ कर लाने की कोशिश कर रहे हैं और फिर भी यह जी-23 के लोग उनसे संतुष्ट नही हैं।
विज ने कहा कि गुलाम नबी आजाद, आनंद शर्मा, कपिल सिब्बल और भूपेंद्र सिंह हुड्डा की भगवा पगड़ी देखकर उन्हें बहुत अच्छा लग रहा है। उन्होंने राहुल गांधी के नेतृत्व पर भी सवाल खड़ा करते हुए कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के नेतृत्व को मजबूरी में ढो रहे हैं। यह नेता बखूबी जानते हैं कि कांग्रेस का जहाज पूरी तरह से डूब चुका है लेकिन इस बात को सार्वजनिक रूप से स्वीकार करने से हिचकिचाते हैं।
हरियाणा की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें