विश्व योग दिवस पर योगमय हुआ पूरा हरियाणा
विश्व योग दिवस पर पूरा हरियाणा योगमय हो गया। मुख्यमंत्री मनोहरलाल और केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह सहित राज्य के मंत्रियों ने विभिन्न जगहों पर आयोजित योग शिविरों में भाग लिया।
जेएनएन, चंडीगढ़। विश्व योग दिवस पर पूरा हरियाणा योगमय हो गया। तड़के से ही राज्य के विभिन्न शहरों में लोग योग शिविरों में भारी संख्या में पहुंचे अौर योग किया। मुख्यमंत्री मनोहरलाल, केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह, राज्य के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज सहित सभी मंत्रियों और मुख्य संसदीय सचिवों ने विभिन्न स्थानों पर योग शिविरों में योग किया। कई जगह बारिश से योग कार्यक्रमों में व्यवधान भी हुआ।
मुख्यमंत्री मनोहरलाल अपने विधानसभा क्षेत्र करनाल में योग शिविर में शामिल हुए। उन्हाेंने इस मौके पर लोगों को योग का महत्व बताया। मुख्यमंत्री ने लोगों के साथ योग किया। यहां काफी संख्या में लोग शिविर में पहुंचे आैर योग किया। योग करने वालों में महिलाओं की संख्या भी काफी थी।
हिसार में योग शिविर में भाग लेतीं महिलाएं।
अंबाला में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने याेग शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने लोगाें के साथ योग किया। राेहतक में केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह ने योग शिविर का शुभारंभ किया और लोगों के साथ योग किया। यहां हजारों की संख्या में लाेग योग करने पहुंचे। इस मौके पर संबोधन में बीरेंद्र सिंह ने कांग्रेस पर चुटकी ली। उन्होंने कहा कि कांग्रेसियों को योग की ज्यादा जरूरत।
राज्य के मुख्य संसदीय सचिव कमल गुप्ता ने सिरसा में योग शिविर में हिस्सा लिया। यहां काफी संख्या में स्कूली बच्चों, महिलाएं और हर उम्र के लोगों ने योग किया। फतेहाबाद में भी योग शिविर में काफी संख्या में लोग आए। भिवानी में सांसद धर्मवीर ने योग शिविर का शुभांरभ किया। उन्होंने काफी संख्या में पहुंचे लोगों के साथ योग किया।
रोहतक में योग शिविर में भाग लेते लोग।
पानीपत में भी योग शिविरों में काफी संख्या में लोगों ने योग किया। यहां बारिश के कारण योग शिविर में खलल पड़ा। हिसार में भी बारिश से योग शिविर में व्यवधान आया। यहां लोगों ने महाबीर स्टेडियम, ओपी जिंदल पार्क सहित अन्य कई स्थानों पर आयोजित शिविरों में योग किया।
यमुनानगर के भी योग शिविरों में हजारों की संख्या में लोगों ने योग किया। मुख्य आयोजन तेजली ग्राउंड में किया गया। इसका शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष ने किया। कुरुक्षेत्र में भी विभिन्न जगहों पर योग शिविर आयोजित किए गए। इनमें काफी संख्या में लोगों ने योग किया।
करनाल में योग शिविर में भाग लेते लोग।
कैथल में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के जिला स्तरीय समारोह में मुख्य संसदीय सचिव बख्शीश सिंह विर्क पहुंचे। आरकेएसडी स्कूल के इंडोर स्टेडियम में बड़ी संख्या में लोगों ने योग किया। पंचकूला, झज्जर और जींद में भी याेग शिविरों में हजारों लाेगों ने योगासन किए।