पांच साल पंचकूला के विकास में मील का पत्थर : गुप्ता
डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में जिला बार एसोसिएशन के वकीलों के साथ ज्ञानचंद गुप्ता ने की मुलाकात
जागरण संवाददाता, पंचकूला : जिला बार एसोसिएशन ने मंगलवार को पंचकूला से भाजपा प्रत्याशी ज्ञानचंद गुप्ता का डिस्ट्रिक्ट कोर्ट पहुंचने पर उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस दौरान वे यहां वकीलों से मिले और उनकी विभिन्न मांगों को सुना और उन्हें आश्वस्त किया कि चुनाव जीतने के बाद उनकी मांगों को प्राथमिकता के आधार पर हल करेंगे। गुप्ता ने वकीलों से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। वकीलों की इस बैठक में ज्ञानचंद गुप्ता ने अपने संबोधन में पंचकूला के विकास कार्यों पर चर्चा करते हुए बताया कि पिछले पांच वर्षों में उन्होंने पंचकूला में विभिन्न विकास कार्य करवाए, जोकि पंचकूला के विकास में मील का पत्थर साबित हुए हैं। गुप्ता ने गिनाई अपनी उपलब्धियां
ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि पंचकूला में आज शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी व सीवरेज की व्यवस्था, परिवहन, सड़क, पुल निर्माण, खेल सुविधा, गांव का विकास सु²ढ़ कानून व्यवस्था पंचकूला का सौंदर्यीकरण व सामाजिक कल्याण जैसे अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं। मैंने अपने कार्यकाल में सभी के सहयोग से शहर व गांव का समान विकास करने का भरसक प्रयास किया है और चुनाव जीत जाने के बाद अन्य विकास कार्यों को सुचारु रुप से आगे लेकर जाएंगे। लतिका शर्मा ने भी की वोट की अपील
इस मौके पर कालका से भाजपा प्रत्याशी लतिका शर्मा ने भी संबोधित किया और भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। बैठक में ज्ञानचंद गुप्ता के साथ एसोसिएशन के प्रेसिडेंट प्रमोद भारद्वाज, सचिव लवीश अरोड़ा के अलावा भाजपा लीगल सेल से राजेश कौल, भाग सिंह, सुभाष शर्मा, सुरेश रोहिला, संतोष शर्मा व अन्य वकील भी उपस्थित रहे।