सीएलयू सीडी कांड मामले में पांच पूर्व कांग्रेस विधायकों को राहत, गिरफ्तारी पर रोक
सीएलयू सीडी कांड में फंसे कांग्रेस के पांच पूर्व विधायकों को बड़ी राहत मिली है। पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है।
जेएनएन, चंडीगढ़। सीएलयू (चेंज अॉफ लैंड यूज) सीडी कांड में फंसे कांग्रेस के पांच पूर्व विधायकों को बड़ी राहत मिली है। पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। हाई कोर्ट ने हरियाणा सरकार को 6 सप्ताह के भीतर जांच की स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने के आदेश दिए हैं।
बता दें कि इनेलो ने कांग्रेस के पांच पूर्व विधायकों की सीएलयू के बदले पैसे मांगते हुए दिखाने वाली सीडी जारी की थी। यह मामला जब लोकायुक्त के पास पहुंचा तो लोकायुक्त ने पांचों पूर्व विधायकों राव नरेंदर, विनोद भयाना, नरेश सेलवाल, जरनैल सिंह, रामनिवास घोड़ेला के खिलाफ एफआइआर दर्ज करने के आदेश जारी किए थे। इस आदेश को चुनौती देते हुए हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की गई थी। हाई कोर्ट की सिंगल बेंच ने पांचों को राहत देते हुए उन पर एफआइआर दर्ज करने पर रोक लगा दी थी।
पूरे मामले का खुलासा इनेलो नेता अभय चौटाला ने सीडी जारी कर किया था। उस समय राज्य में भूपेंद्र सिंह हुड्डा की सरकार थी। इस मामले पर खूब हंगामा मचा था। हुड्डा शासन के दौरान पूरा मामला ठंडे बस्ते में ही पड़ा रहा। भाजपा के सत्ता में आने के बाद इस मामले में फिर तेजी अाई थी।