इनेलो के आठ पूर्व जिला प्रधानों को अब दुष्यंत की पार्टी जेजेपी ने सौंपी कमान
जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) ने विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्षों और पदाधिकारियों की नियुक्ति के बाद अब जिला अध्यक्षों की नियुक्तियां शुरू कर दी हैं।
जेएनएन, चंडीगढ़। जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) ने विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्षों और पदाधिकारियों की नियुक्ति के बाद अब जिला अध्यक्षों की नियुक्तियां शुरू कर दी हैं। सांसद दुष्यंत चौटाला की सहमति से पार्टी की कोर कमेटी ने पहली सूची में आठ जिला प्रधानों के नाम घोषित किए हैं।
इनेलो के जींद जिला प्रधान रहे कृष्ण राठी को जेजीपी ने जींद की कमान सौंपी है। दादरी जिले का प्रधान नरेश द्वारका को बनाया गया है जो सांसद दुष्यंत के पिता डॉ. अजय सिंह चौटाला के साथ लंबे समय तक काम कर चुके हैं। इनेलो में रहते भी वह दादरी के जिला प्रधान रह चुके हैं। इसी तरह देवीलाल के साथ काम कर चुके सुरजीत सिंह सौंढ़ा को अंबाला का प्रधान बनाया गया है। सौंढा इनेलो में अंबाला के जिला प्रधान रहे थे।
कोर कमेटी ने महेंद्रगढ़ का जिला प्रधान सत्यवीर सिंह नौताना को बनाया है। पेशे से इंजीनियर नौताना अटेली से विधानसभा चुनाव लड़ने के अलावा इनेलो के जिला प्रधान भी रहे हैं। इनेलो के मेवात जिला प्रधान रहे बदरूद्दीन को जेजेपी ने भी इसी जिले की बागडोर सौंपी है। पूर्व विधायक ईश्वर सिंह पलाका को यमुनानगर का प्रधान बनाया गया है।
रादौर से इनेलो के विधायक रहे पलाका को संगठन में काम करने का लंबा अनुभव है। रोहतक से इनेलो की टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ चुके धर्मपाल मकड़ौली को जेजेपी ने रोहतक का प्रधान बनाया है। रोहतक में इनेलो के जिला प्रधान रहने वाले धर्मपाल किलोई से भी चुनाव मैदान में उतर चुके हैं। इसी तरह इनेलो के कुरुक्षेत्र जिले के प्रधान रह चुके सरदार कुलदीप सिंह मुल्तानी को जेजेपी ने कुरुक्षेत्र की ही कमान सौंपी है।