ओम प्रकाश चौटाला को दिल्ली हाई कोर्ट से मिली दो हफ्ते की पैरोल
शिक्षक भर्ती घोटाले के मामले में जेल में बंद इनेलो नेता व पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला को दिल्ली हाई कोर्ट ने दो हफ्ते की पैरोल दे दी है।
जेएनएन, चंडीगढ़। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री व इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के नेता ओम प्रकाश चौटाला को दिल्ली हाई कोर्ट ने दो हफ्ते की पैरोल दे दी है। ओम प्रकाश चौटाला ने बीमार पत्नी की देखभाल करने के लिए 2 महीने की पैरोल मांगी थी। बता दें, चौटाला शिक्षक भर्ती घोटाले के मामले में 10 साल की जेल की सजा काट रहे हैं।
हाई कोर्ट में दायर पैरोल अर्जी में चौटाला के वकील ने कहा था कि उनकी पत्नी गंभीर रूप से बीमार हैं और सिरसा के अस्पताल में आइसीयू में भर्ती हैं।
चौटाला बीमारी के समय पत्नी के साथ रहना चाहते हैं। पिछली बार दिल्ली उच्च न्यायालय ने एक मार्च को चौटाला की पैरोल रद कर दी थी और तत्काल आत्मसमर्पण का आदेश दिया था।
यह भी पढ़ेंः छात्रा के पीएम के नाम पत्र से हड़कंप, लिखा- तीन शिक्षक कोचिंग के बहाने करते थे गंदा काम