आज हो जाएगा जिंदल और बिश्नोई पर फैसला, कांग्रेस के बाकी चार प्रत्याशियों की होगी घाेषणा
लाेकसभा चुनाव 2019 के लिए कांग्रेस हरियाणा में अपने बाकि चार प्रत्याशियों की घोषणा आज कर सकती है। पार्टी नवीन जिंदल व कुलदीप बिश्नोई के बारे में भी फैसला करेगी।
चंडीगढ़, जेएननएन। हरियाणा में भाजपा की 10 लोकसभा सीटों पर उम्मीदवार घोषित होने के बाद अब कांग्रेस की बाकी बची चार सीटों पर सभी की निगाहें टिक गई है। करनाल, कुरुक्षेत्र, हिसार और सोनीपत लोकसभा सीटें ऐसी हैैं, जिन पर प्रत्याशियों के नाम को लेकर पेंच फंसा हुआ है। हिसार और कुरुक्षेत्र सीटों पर कुलदीप बिश्नोई और नवीन जिंदल को उतारने को लेकर आज कांग्रेस अंतिम फैसला करेगी। सोमवार देर रात तक चारों सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा संभव है।
चार सीटों पर टिकी विरोधियों की निगाह, तीन पर हुड्डा समर्थक प्रत्याशियों को उतारे जाने की संभावना
तीन सीटों पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा की पसंद के उम्मीदवारों को तरजीह दी जा सकती है। कांग्रेस हरियाणा में छह लोकसभा सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर चुकी। करनाल, कुरुक्षेत्र, हिसार और सोनीपत की चार सीटें अभी बाकी हैं। कुरुक्षेत्र में पूर्व सांसद नवीन जिंदल का चुनाव लड़ना तय माना जा रहा था, लेकिन उनके किसी बड़े राजनीतिक दबाव में होने की खबरें आ रही हैैं।
इन अटकलों के बीच हुड्डा समर्थक पूर्व मंत्री निर्मल सिंह, पूर्व सांसद कैलाशो सैनी और पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश जेपी कुरुक्षेत्र से टिकट के लिए दावेदारी कर रहे हैैं, जबकि कांग्रेस हाईकमान नवीन जिंदल को ही चुनाव मैदान में उतारने के हक में है।
कांग्रेस हाईकमान सोनीपत में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा को चुनाव लड़ाना चाहता है। हुड्डा देश भर में कांग्रेस के लिए प्रचार करने जाएंगे। लिहाजा उनकी खुद चुनाव लड़ने की इच्छा नहीं है। हुड्डा के अलावा यहां पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा का नाम चल रहा है। हुड्डा यदि सोनीपत से चुनाव लड़ने को तैयार हो गए तो कुलदीप शर्मा को करनाल में उतारा जा सकता है।
सोनीपत में यदि हुड्डा की बजाय कुलदीप शर्मा को उम्मीदवार बनाया गया तो करनाल में युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सचिन कुंडू को टिकट दिलाने के लिए हुड्डा प्रयास करते नजर आएंगे। सचिन कुंडू पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा व दीपेंद्र हुड्डा के खास हैं। यहां मराठा वीरेंद्र वर्मा भी टिकट के प्रबल दावेदारों में शामिल हैैं।
सबसे अधिक पेंच हिसार लोकसभा सीट पर फंसा हुआ है। भाजपा ने यहां से बीरेंद्र सिंह के बेटे बृजेंद्र सिंह को टिकट दिया है, जबकि जननायक जनता पार्टी दुष्यंत चौटाला अथवा नैना चौटाला पर दांव खेल सकती है। ऐसे में कांग्रेस हाईकमान चाहता है कि गैर जाट नेता कुलदीप बिश्नोई हिसार से ताल ठोंके। लेकिन, कुलदीप चाहते हैैं कि उनके बेटे भव्य बिश्नोई को टिकट मिले। कुलदीप अपने बेटे के लिए पिछले काफी दिनों से माहौल बनाने में भी लगे हैैं। कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि सोमवार देर रात तक पार्टी चारों सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर सकती है।
छह में से दो टिकटें हुड्डा की पसंद की
कांग्रेस ने जिन छह लोकसभा सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की है, उनमें फरीदाबाद में ललित नागर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा की पसंद हैैं। ललित नागर की अपने भाई महेश नागर के जरिये प्रियंका गांधी के दरबार में सीधी एंट्री है। गुरुग्राम में कैप्टन अजय यादव राष्ट्रीय जनता दल के नेता लालू प्रसाद यादव के समधी हैैं। रोहतक से उम्मीदवार दीपेंद्र हुड्डा पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा के बेटे हैैं। अंबाला में कुमारी सैलजा, सिरसा में डाॅ. अशोक तंवर और भिवानी-महेंद्रगढ़ में श्रुति चौधरी का अपना अलग वजूद है।