हरियाणा में भारी बारिश से फसलों को नुकसान, किसानों को मुआवजे के लिए होगी स्पेशल गिरदावरी
Girdawari of Crops Damage हरियाणा में भारी बारिश से फसलों को काफी नुकसान हुआ है। किसानों को इससे हुए नुकसान की भरपाई के लिए फसलों की विशेष गिरदावरी कराने का फैसला किया है। गिरदावरी के अनुूरूप किसानों को मुआवजा दिया जाएगा।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में भारी बारिश की वजह से फसलों काफी क्षति पहुंची है। किसानों को इस नुकसान की भरपाई करने के लिए प्रदेश सरकार ने स्पेशल गिरदावरी करने का निर्णय लिया है। कृषि मंत्री जेपी दलाल के अनुरोध पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पूरे प्रदेश में फसलों को हुए नुकसान की स्पेशल गिरदावरी के आदेश जारी कर दिए हैं। वित्तायुक्त संजीव कौशल के पास जल्द ही यह रिपोर्ट पहुंचेगी, जिसके आधार पर बारिश से प्रभावित किसानों को खराब फसलों का मुआवजा प्रदान किया जाएगा।
बेमौसमी बरसात से धान, बाजरा व कपास की फसल को नुकसान
हरियाणा में लाखों किसान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के दायरे में कवर हैं। प्रदेश सरकार ने दो दिन पहले ही मुख्यमंत्री बागवनी बीमा योजना शुरू की है। यह दोनों योजनाएं स्वैच्छिक हैं। प्रदेश में दो दिन से लगातार बारिश हो रही है। खेतों में धान, बाजरा और कपास की फसल लगभग तैयार है। बारिश की वजह से यह फसल खराब हो गई। चंडीगढ़ में मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए कृषि, पशुपालन, बागवानी और मत्स्य पालन मंत्री जेपी दलाल ने बताया कि मुख्यमंत्री ने पूरे प्रदेश में स्पेशल गिरदावरी कराने के आदेश जारी कर दिए हैं।
कृषि मंत्री ने कहा कि जिन किसानों ने अपनी फसलों का बीमा करा रखा है, उन्हें तो मुआवजा मिलेगा ही, साथ ही ऐसे किसानों को भी मुआवजा राशि प्रदान की जाएगी, जिन्होंने बीमा नहीं कराया है। उनको जोखिम हर्जाना राशि मिलेगी। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश सरकार किसानों के हित साधने को लेकर गंभीर है।
उन्होंने कहा कि सब्जियों और फलों के बीमा के लिए नई इंश्योरेंस स्कीम लाई गई है। इसमें 21 फसलें जोड़ी गई हैं। बागवानी व सब्जी उत्पादक किसानों के लिए बीमा योजना लाने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य है। इससे पहले हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य डा. सुशील गुप्ता ने अलग-अलग बयानों में बारिश से हुए नुकसान की भरपाई करने की मांग राज्य सरकार से की है।