किसान-कर्मचारियों पर केंद्रित होगा बजट, नए कर की संभावना नहीं
हरियाणा का बजट किसानों और कर्मचारियों पर केंद्रित होगा। साथ ही युवाओं और महिलाओं का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा।
जेएनएन, चंडीगढ़। हरियाणा का बजट किसानों और कर्मचारियों पर केंद्रित होगा। साथ ही युवाओं और महिलाओं का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा। सोमवार को विधानसभा में पेश हो रहा बजट पूरी तरह से चुनावी होगा, इसलिए कोई नया कर लगने की संभावना नहीं है।
मनोहर सरकार सोमवार को अपने कार्यकाल का अंतिम बजट पेश करेगी। वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु इसकी तैयारी पूरी कर चुके हैं। बजट सत्र के तुरंत बाद लोकसभा चुनाव हैं। अगर सरकार विधानसभा चुनाव समय पर करवाती है तो भी वर्तमान सरकार के लिए यह अंतिम बजट है। माना जा रहा है कि बजट में सरकार किसानों को बड़ी राहत देने की तैयारी दे सकती है। इसके अलावा कर्मचारियों के लिए भी कोई बड़ा ऐलान हो सकता है। अब तक करीब 56 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी मिल चुकी है। आने वाले दिनों में करीब 25 हजार भर्तियां की जाएंगी। इसका रोडमैप भी मौजूद बजट में दिखाई देगा।
प्रदेश में पिछले कई दिनों से किसानों व कर्मचारियों का मुद्दा छाया हुआ है। केंद्र सरकार अपने बजट में किसानों को सम्मान निधि देने का ऐलान कर चुकी है। प्रदेश पहले से ही किसानों को पेंशन देने की तैयारी में है। इसके लिए बराला कमेटी कई बैठकें कर ड्राफ्ट सरकार को सौंप चुकी हैज् राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी संकेत दे चुके कि किसानों के हित में प्रदेश सरकार कई योजनाएं लागू करेगी। बजट में सरकार हर वर्ग को अपने स्तर पर राहत प्रदान करने का प्रयास करेगी।
वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु अभी बजट पर चुप्पी साधे हैं। हालांकि उन्होंने यह जरूर साफ कर दिया कि बजट में हर वर्ग का ख्याल रखा गया है। प्रदेश को आर्थिक रूप से मजबूती प्रदान करने पर भी जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का शुरू से ही यह प्रयास रहा है कि सबका साथ, सबका विकास। इस बजट में यह झलक देखने को मिलेगी।