हरियाणा में भाजपा ने शुरू की कोविड हेल्पलाइन, जरूरतमंदों को मदद पहुंचाएगी पार्टी
BJP Covid Helpline हरियाणा भाजपा ने लोगों व कोरोना मरीजों को मदद पहुंचाने के लिए कोरोना हेल्पलाइन शुरू की है। कोविड हेल्पलाइन राज्य के सभी 22 जिलों में 14 घंटे काम करेगी। इसका मुख्यालय पंचकूला में बनाया गया है।
जेएनएन, चंडीगढ़। कोरोना काल में लोगों की मदद व चिकित्सा सुविधा देेेेने के लिए हेल्पलाइन शुरू की है। यह हेल्पलाइन राज्य के सभी 22 जिलों में 14 घंटे काम करेगी। हरियाणा भाजपा अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने इस हेल्पलाइन की शुरुआत की। लोगों को मदद पहुंचाने के लिए पार्टी ने सभी जिला अध्यक्षों, जिला महामंत्री, विधायक, सांसदों की ड्यूटी लगाई है।
हेल्पलाइन का मुख्यालय पंचकूला बनाया गया है। इससे पहले, गत दिवस हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व राज्यसभा सदस्य दुष्यंत गौतम ने सोमवार शाम को पार्टी के सांसदों, मंत्रियों और विधयकों के साथ वीडियो कान्फ्रेंस के जरिये बैठक कर कोरोना काल में जनता ही हरसंभव मदद करने को कहा।
कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीनेशन की दूसरी डोज लेने के बाद ओमप्रकाश धनखड़ ने पहले पार्टी के प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ विचार विमर्श किया, उसके बाद वह वीडियो कान्फ्रेंस में सांसदों विधायकों और मंत्रियों से जुड़े। उन्होंने कोरोना से बचाव के लिए राज्य सरकार द्वारा की जा रही तैयारियों पर चर्चा की तथा साथ ही विधायकों से कहा कि वह जनता को किसी तरह की तकलीफ न आने दे और उनके संकट के समय साथ खड़े नजर आएं।
रोहतक के सांसद अरविंद शर्मा के अनुसार बैठक में गेहूं खरीद के लिए सरकार द्वारा किए गए बंदोबस्त पर भी चर्चा की गई। अरविंद शर्मा ने कहा कि संकट के इस समय में हम अपने प्रदेश व देश की जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं और हम सभी मिलकर इस भयावह महामारी से बहुत जल्द निजात पा लेंगे। धनखड़ ने कहा कि कोरोना से बचने का टीकाकरण अभियान को और भी तेजी के साथ बढ़ाया जाएगा और ज्यादा से ज्यादा प्लाज्मा डोनर्स की सूची तैयार कर उन सभी से आग्रह किया जाएगा कि वह संकट के समय में प्रदेश व देश की जनता के सहयोग के लिए आगे आएं।