विस और लोस चुनाव साथ करवाने को भाजपा तैयार : कटारिया
कटारिया ने कहा कि अभूतपूर्व विकास के कारण जींद में भी भाजपा उम्मीदवार जीता है।
जासं, पंचकूला : भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य एवं अम्बाला के सांसद रतन लाल कटारिया ने कहा कि सरकार द्वारा प्रदेश में किए गए अभूतपूर्व विकास के कारण जींद उपचुनाव में भी भाजपा उम्मीदवार पहली बार भारी मतों से जीता है। इससे आभास हो गया है कि लोगों में भाजपा की कार्यप्रणाली में पूर्ण विश्वास है और इसी कारण 2019 के चुनाव में 10 लोकसभा सीटों के साथ विधानसभा चुनावों में भारी बहुमत से विजय प्राप्त कर सरकार बनेगी। भाजपा लोकसभा और विधानसभा चुनाव साथ करवाने के लिए पूरी तरह तैयार है। कटारिया ने सेक्टर-2 स्थित भाजपा कार्यालय के सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि बजट देश की विकास यात्रा को बढ़ाने वाला, निजी प्राथमिकताओं व असमानता के रोग को दूर करने वाला है। जिस प्रकार देश में साढ़े चार साल में लंबी छलांग लगाई है तथा अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष, विश्व बैंक, संयुक्त राष्ट्र संघ सहित तीन अंतराष्ट्रीय संस्थानों ने जीडीपी में 7.4 प्रतिशत बढ़ोतरी हासिल करने पर सराहना की है। इस प्रकार भारत विश्व का चमकता सितारा बन गया है और 2030 तक जीडीपी में इंग्लैंड को पछाड़कर प्रथम स्थान हासिल कर लेगा। किसानों को दिए जाएंगे कई लाभ
संासद ने बताया कि प्रधानमंत्री की शान, सम्मान निधि के अंतर्गत छोटे और सीमांत किसानों को निश्चित आय सहायता मुहैया करवाने के लिए दो हेक्टेयर तक जोत वाले किसानों को 6 हजार रुपये प्रतिवर्ष प्रदान करने का बजट में प्रावधान किया गया है। इससे देश के लाखों किसानों को लाभ मिलेगा। इसके अलावा मजदूरों को 3 हजार रुपये मासिक पेंशन का लाभ देने का निर्णय लिया गया है। वेतन भोगी कर्मचारियों के लिए मानक कटौती, स्टैंडर्ड डिडक्शन को 40 से 50 हजार रुपये किया गया है। इससे तीन करोड़ से अधिक वेतन और पेंशन भोगियों को लाभ मिलेगा। मौके पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, विशाल सेठ, वीरेंद्र राणा, श्यामलाल बंसल, वीरेन्द्र गर्ग, संजय आहूजा, नवीन गर्ग मौजूद रहे।