पंचकूला को कांग्रेस मुक्त बनाने में जुटी भाजपा, कई पंजाबी चेहरे किए शामिल
कांग्रेस मुक्त बनाने के लिए भाजपा ने एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया है।
राजेश मलकानियां, पंचकूला : पंचकूला को कांग्रेस मुक्त बनाने के लिए भाजपा ने एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया है। लगातार कांग्रेस को झटके पर झटका देने में भाजपा प्रत्याशी ज्ञानचंद गुप्ता जुटे हुए हैं। कांग्रेस के बड़े चेहरों को भाजपा में शामिल करने के पीछे भाजपा की मंशा हवा का रुख तेजी से बदलना है। रोजाना किसी न किसी प्रभावी चेहरे को शामिल करने अब भाजपा प्रत्याशी ज्ञानचंद गुप्ता विरोधियों के हौसले पस्त करने में जुटे हुए हैं। तरुण भंडारी जैसे पंजाबी चेहरे को शामिल करके गुप्ता ने पंजाबी वोट बैंक पर निशाना साध दिया है। यदि इसी तरह कांग्रेसियों के पार्टी छोड़ने का सिलसिला जारी रहा तो आने वाले दिनों में कांग्रेस को डैमेज कंट्रोल करना मुश्किल हो जाएगा। इससे पहले कांग्रेस के दो बड़े दिग्गज ओमप्रकाश देवीनगर, अंजलि बंसल जिनकी पंचकूला में अच्छी साख है, कांग्रेस छोड़ चुके हैं। शनिवार को हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी में कोषाध्यक्ष रहे तथा नगर परिषद के प्रधान रहे तरुण भंडारी, कांग्रेस में सचिव रहीं एवं गोसेवा आयोग की चेयरपर्सन संतोष शर्मा, जिला परिषद के पूर्व चेयरमैन रविद्र राणा बतौड़ एवं बलवंत राय वशिष्ठ ने अपने समर्थकों के साथ हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के समक्ष भाजपा का दामन थामा। मुख्यमंत्री आवास में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री तथा ज्ञानचंद गुप्ता ने उनको पटका पहनाकर पार्टी में सम्मलित किया और कहा कि इन सभी वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने से पार्टी को मजबूती मिली है। लगातार मजबूत कर रहे हैं भाजपा को : गुप्ता
ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि भाजपा का कुनबा निरंतर बढ़ रहा है और यह सब भाजपा की जनहितैषी नीतियों के कारण हुआ है। पंचकूला अब कांग्रेस मुक्त होने की राह पर तेजी से अग्रसर है। भाजपा में शामिल होने वाले सभी नेता हरियाणा व पंचकूला में हुए अतुल्य विकास से प्रभावित हैं, पार्टी उनका स्वागत करती है। मौके पर तरुण भंडारी, संतोष शर्मा, रविद्र राणा बतौड़ ने कहा कि उन्हें भाजपा में शामिल होने पर गर्व है। भाजपा विकासवादी पार्टी है। हम भाजपा के लिए पूरी तरह समर्पित होकर काम करेंगे और एक बार फिर भाजपा को हरियाणा में विजयी बनाएंगे। भंडारी ने कांग्रेस को जमकर कोसा
तरुण भंडारी ने कांग्रेस को जमकर कोसा। भंडारी ने कहा कि 26 साल मैंने कांग्रेस को दिए लेकिन कांग्रेस ने हमें धोखा दिया। मैंने आज एक छोटे से कार्यकर्ता के रूप में भाजपा से सफर शुरू कर रहा हूं और उम्मीद है कि पूरा मान-सम्मान मिलेगा। इस मौके पर जिलाध्यक्ष दीपक शर्मा, महामंत्री हरेन्द्र मलिक, उपाध्यक्ष उमेश सूद, अजय शर्मा, रोहित सेन, बीबी सिगल, अमित गुप्ता मीडिया प्रभारी विकास पाल एवं नवीन गर्ग उपस्थित रहे।