Move to Jagran APP

धनखड़ और मनोहर मंत्र के साथ हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय से मिले भाजपा जिला अध्यक्ष

हरियाणा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ और मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भाजपा जिला अध्यक्षों की बैठक ली। इसके बाद पार्टी के जिला अध्यक्षों को हरियाणा में पहली बार किसी राज्यपाल ने मिलने के लिए बुलाया। जिला अध्यक्षों ने राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय से भी मुलाकात की।

By Kamlesh BhattEdited By: Published: Tue, 14 Sep 2021 04:57 PM (IST)Updated: Tue, 14 Sep 2021 04:57 PM (IST)
धनखड़ और मनोहर मंत्र के साथ हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय से मिले भाजपा जिला अध्यक्ष
भाजपा जिला अध्यक्षों के साथ बैठक करते ओपी धनखड़।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 71वें जन्मदिवस पर वार्ड से लेकर गांव तक में सेवा और समर्पण अभियान चलाने का निर्णय लिया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ और मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पार्टी जिला अध्यक्षों की अलग-अलग बैठकों में केंद्र व राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश दिए। इसके लिए पार्टी के प्रमुख नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई और साथ ही जिला अध्यक्षों से कहा गया कि किसान संगठनों के आंदोलन से लेकर सरकार के विरुद्ध किए जा रहे दुष्प्रचार का फील्ड में मुंहतोड़ जवाब दिया जाए।

loksabha election banner

चंडीगढ़ में सबसे पहले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने पार्टी जिला अध्यक्षों की बैठक ली। इसके बाद सभी जिला अध्यक्ष मुख्यमंत्री मनोहर लाल के निवास पर पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री ने उन्हें केंद्र व राज्य सरकार के अच्छे काम लोगों के बीच लेकर जाने का मंत्र दिया। प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़, प्रांतीय संगठन मंत्री रवींद्र राजू, प्रदेश महामंत्री वेदपाल एडवोकेट और सीएम के राजनीतिक सचिव कृष्ण बेदी की मौजूदगी में हुई इस बैठक में मुख्यमंत्री ने जिला अध्यक्षों से सेवा और समर्पण अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

दोनों बैठकों के बाद पार्टी जिला अध्यक्ष हरियाणा राजभवन पहुंचे, जहां सभी ने राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय से मुलाकात की। यह पहला मौका है, जब भाजपा के जिला अध्यक्ष राजभवन में राज्यपाल से मिले। भाजपा के प्रांतीय प्रवक्ता सुदेश कटारिया ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ प्रधानमंत्री के जन्मदिन के उपलक्ष्य में होने वाले सेवा व समर्पण अभियान को लेकर खासे गंभीर हैं। यह अभियान 17 सितंबर से शुरू होगा और सात अक्टूबर तक चलेगा। इस अभियान के तहत रक्तदान, पौधारोपण और विचार गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। सात अक्टूबर को प्रधानमंत्री मोदी के शासनकाल के 20 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं, इसलिए इस अभियान को 20 दिन का रखा गया है।

सुदेश कटारिया ने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री 71 वर्ष के हो जाएंगे। इसलिए पार्टी प्रदेश भर में 71 स्थानों पर रक्तदान शिविर लगाएगी। 71 हजार पौधे प्रत्येक गांव और वार्ड में लगाए जाएंगे। केंद्र सरकार की 71 बड़ी उपलब्धियों पर वर्चुअल संवाद किया जाएगा। पार्टी के महिला मोर्चा की कार्यकर्ता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में जाकर फल वितरण करेंगी। प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ के अनुसार इस अभियान की गतिविधियों के दौरान देश के दो बड़े महापुरुषों की जयंतियां भी मनाई जाएंगी। 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती और दो अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती है।

इन पार्टी नेताओं की लगाई गई जिम्मेदारी

  1. बूथ गतिविधियां – प्रदेश महामंत्री मोहनलाल कौशिक, पूर्व प्रदेश महामंत्री संदीप जोशी
  2. पर्यावरण संबंधी गतिविधियां - किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र मांढ़ी, नवीन गोयल, टेकचंद शर्मा
  3. स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियां - विधायक डा. कमल गुप्ता, युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष राहुल राणा
  4. सेवा गतिविधियां – विधायक सत्यप्रकाश जरावता, महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष सुमित्रा चौहान
  5. प्रचार गतिविधियां – पूर्व चेयरमैन जीएल शर्मा, मदन लाल गोयल
  6. मीडिया गतिविधियां – मीडिया प्रभारी डा. संजय शर्मा, अरविंद सैनी
  7. इंटरनेट मीडिया गतिविधियां – प्रदेश महामंत्री डा. पवन सैनी, संदीप देसवाल

Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.