बेटे को केंद्रीय मंत्री बनवाने के लिए बीरेंद्र का बड़ा गेम, हरियाणा BJP प्रधान नियुक्ति में खास रणनीति
पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह बेटे बृजेंद्र सिंह काे केंद्रीय मंत्री बनाने के लिए बड़ा गेम खेल रहे हैं। इसी कारण हरियाणा भाजपा अध्यक्ष नियुक्ति को लेकर उनकी खास रणनीति है।
चंडीगढ़, [अनुराग अग्रवाल]। हरियाणा भाजपा के नए अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर गतिवधियां चरम पर हैं। हरियाणा भाजपा के नेता अपनी रणनीतियों केे हिसाब से जोर लगा रहे हैं। इन सबके बीच पूर्व केेंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह अलग ही गेम खेलने में लगे हुए हैं। वह अपने बेटे हिसार से सांसद बृजेंद्र सिंह काे केंद्रीय मंंत्री बनाने के लिए गोटी फिट करने में लगे हैं। इसके लिए वह खास रणनीति के तहत प्रदेश अध्यक्ष चुनाव के लिए लॉबिंग कर रहे हैं और केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर की नाम आगे बढ़ा रहे हैं।
बरौदा विधानसभा सीट के उपचुनाव से पहले लगातार करवट ले रही गठबंधन की राजनीति
दूसरी ओर, हरियाणा में बरौदा विधानसभा सीट के उपचुनाव से पहले भाजपा-जजपा गठबंधन की राजनीति लगातार करवट ले रही है। जुलाई के पहले सप्ताह में जहां हरियाणा भाजपा के नए अध्यक्ष के नाम का ऐलान संभव है, वहीं बरौदा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री मनोहर लाल की कैबिनेट का विस्तार भी हो सकता है। मनोहर कैबिनेट में एक मंत्री जजपा और एक मंत्री भाजपा कोटे से बनाया जा सकता है।
यह है बीरेंद्र सिंह की रणनीति
भाजपा अध्यक्ष पद के लिए होने वाले चुनाव में पूर्व केंद्रीय मंत्री चौ. बीरेंद्र सिंह अलग से अपना गेम जमाने की फिराक में हैं। उनकी कोशिश है कि प्रदेश अध्यक्ष पद के चुनाव में ऐसी गोटी फिट की जाए, ताकि हींग लगे न फिटकरी और रंग चोखा चढ़ जाए । यानी उनके सांसद बेटे बृजेंद्र सिंह को केंद्र सरकार में मंत्री बनाया जा सके।
कांग्रेस से भाजपा में आए बीरेंद्र सिंह अब पार्टी की रीति-नीति से पूरी तरह वाकिफ हो चुके हैं। अपने आइएएस बेटे बृजेंद्र सिंह को हिसार से सांसद बनवाने के लिए उन्होंने न केवल मंत्री पद छोड़ दिया था, बल्कि राज्यसभा की सीट तक से इस्तीफा दे दिया था।
सीएम नहीं बन पाने का उन्हेंं आज तक बेहद मलाल है, लेकिन खुशी इस बात की है कि बृजेंद्र सिंह की राजनीति में कामयाब एंट्री कराने में बीरेंद्र सिंह कामयाब रहे हैं। अब बीरेंद्र सिंह का सपना अपने बेटे को केंद्र व प्रदेश की राजनीति में स्थापित करने का है। इसी के लिए वह प्रयास करते दिखाई दे रहे हैं। इसके लिए बीरेंद्र सिंह को प्रदेश अध्यक्ष पद के चयन का मौका सबसे माकूल दिखाई दे रहा है।
कृष्णपाल गुर्जर का नाम चलाने के पीछे छिपा जाट नेता का राजनीतिक खेल
सूत्रों के अनुसार बीरेंद्र सिंह ने केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर का नाम इसलिए प्रदेश अध्यक्ष के लिए चलाया है, ताकि हाईकमान गुर्जर को मंत्री पद से इस्तीफा देने के लिए कह दे। गुर्जर यदि केंद्रीय मंत्री पद से इस्तीफा देंगे तो केंद्र में एक सीट खाली होगी और बीरेंद्र सिंह जाट कोटे में अपने बेटे बृजेंद्र सिंह की दमदार ढंग से पैरवी कर सकेंगे। बीरेंद्र सिंह के इस गेम को गुर्जर और मनोहर लाल के प्रति नरम रुख के रूप में माना जा रहा है, लेकिन इसमें बीरेंद्र का बड़ा राजनीतिक गेम छिपा है।
धनखड़ और कैप्टन को नजर अंदाज करना हाईकमान के लिए आसान नहीं
बीरेंद्र सिंह के इस गेम के विपरीत कृष्णपाल गुर्जर चाहते हैं कि पंजाब में विजय सांपला की तरह उन्हेंं केंद्रीय मंत्री रहते हुए ही प्रदेश अध्यक्ष का पद मिल जाये तो ठीक वरना वह अपने मौजूदा पद में ही खुश हैं। भाजपा ने लोकसभा चुनाव में एक व्यक्ति दो पद और परिवारवाद का जिस तरह से विरोध किया था, उसके चलते यदि गुर्जर को केंद्रीय मंत्री पद और अध्यक्ष दोनों मिल गए तो केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत, रतनलाल कटारिया और सांसद धर्मवीर सिंह समेत कई सांसद और विधायक इसके विरोध में खड़े हो सकते हैं।
दूसरी ओर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के चुनाव में पूर्व मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ और कैप्टन अभिमन्यु मजबूत दावेदार हैं। माना जा रहा है कि भाजपा हाईकमान के लिए धनखड़ और कैप्टन अभिमन्यु की दावेदारी को नजरअंदाज करना आसान नहीं होगा।
सीएम मनोहरलाल नहीं लेना चाह रहे प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर कोई रिस्क
दरअसल, अकेले कृष्णपाल गुर्जर प्रदेश अध्यक्ष पद के मजबूत दावेदार नहीं हैं। वह सीएम की पसंद जरूर हैं, लेकिन कहीं न कहीं सीएम को भी लगता है कि वह प्रदेश में अपने समानांतर कद वाले नेता को खड़ा करने की गलती नहीं करेंगे, जबकि हाईकमान चेहरे की बजाय राजनीतिक कद को ज्यादा महत्व देना चाह रहा है।
माना जा रहा है कि पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की खास पसंद हैं। उनका देश और प्रदेश की राजनीति में बड़ा नाम है, जिसे नजर अंदाज करना हाईकमान के लिए मुश्किल हो रहा है। इसके अलावा ओमप्रकाश धनखड़ अध्यक्ष पद के मजबूत दावेदारों में शामिल हैं। उनकी प्रधानमंत्री मोदी के साथ-साथ मौजूदा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ सीधी राम-राम है।
एक केंद्रीय मंत्री की छुट्टी संभव, सुनीता दुग्गल की लग सकती है लाटरी
मुख्यमंत्री मनोहर लाल की कोशिश हालांकि दोबारा सुभाष बराला को ही अध्यक्ष बनाने की है, लेकिन विकल्प के तौर पर उनके सामने कृष्णपाल, डा. कमल गुप्ता और संदीप जोशी के नाम भी मौजूद हैं, जिन पर हाईकमान में गहराई के साथ मंथन चल रहा है। सूत्रों का तो यहां तक कहना है कि यदि केंद्रीय मंत्रिमंडल में बदलाव हुआ तो एक अन्य मौजूदा मंत्री की छुट्टी तय है, जिनके स्थान पर सिरसा की सांसद सुनीता दुग्गल को मोदी कैबिनेट में जगह दी जा सकती है।
यह भी पढ़ें: राखीगढ़ी से चौंकाने वाला सच उजागर, अफगानिस्तान सहित सभी भारतंवासियों का डीएनए समान
यह भी पढ़ें: अब कोरोना की चिंता करो ना, खास सेफ्टी गॉगल्स बचाएंगे कोविड-19 संक्रमण से
यह भी पढ़ें: नवजोत सिद्धू की अमरिंदर सरकार में हो सकती है वापसी, बनाए जा सकते हैं डिप्टी सीएम
यह भी पढ़ें: घर में पांच शवों के साथ रात भर सोए रहे चार बच्चे, सुबह बच्ची ने खोला चाचा का गुनाह
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें