बरोदा की जीत बाद हरियाणा कांग्रेस में बढ़ी हलचल, सैलजा की कुलदीप बिश्नोई को लेकर खास रणनीति
Baroda byelection 2020 में जीत से उत्साहित हरियाणा कांग्रेस में हलचल बढ़ गई है और राज्य में कांग्रेस नेताओं की सक्रियता बढ़ गई है। कांग्रेस के नेता विधायकाें के साथ सोनिया और राहुल गांधी से मिलेंगे। दूसरी ओर कुमारी सैलजा ने कुलदीप बिश्नोई को लेकर खास रणनीति बनाई है।
नई दिल्ली, जेएनएन। बरोदा उपचुनाव 2020 (Baroda Byelection 2020) में जीत से कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता पूरी तरह उत्साहित हैं। इसके बाद से पार्टी में हलचल तेज हाे गई है और हरियाणा कांग्रेस के नेता सक्रिय हो गए हैं। कांग्रेस नेताओं के यहां दीपावली और गोवर्धन पर्व पर कार्यकर्ताओं की खूब भीड़ रही। इसके साथ ही हरियाणा कांग्रेस राज्य में नेताओं व कार्यकर्ता को पार्टी के लिए माहौल बनाने के लिए रणनीति बनाने में जुट गई है। हरियाणा कांग्रेस की अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने पार्टी के गैर जाट नेता कुलदीप बिश्नोई को मुख्यधारा में लाने के लिए खास रणनीति बनाई है।
दूसरी ओर, त्योहारों के बाद अब कुमारी सैलजा व भूपेंद्र सिंह हुड्डा नवनिर्वाचित विधायक इंदुराज नरवाल और अन्य विधायकों के साथ पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी व राहुल गांधी से भी मिलेंगे। इसके लिए कुमारी सैलजा ने नेता प्रतिपक्ष हुड्डा से चर्चा कर हाईकमान से समय भी मांग लिया है। हालांकि फिलहाल सोनिया गांधी कोरोना संक्रमण के चलते मुलाकातों के दौर से परहेज बरत रही हैं।
सैलजा और हुड्डा के साथ सोनिया और राहुल गांधी से मिलने जाएंगे नवनिर्वाचित सहित सभी विधायक
इसी बीच बरोदा के रण को जीतने वाले कांग्रेस के इंदुराज नरवाल 17 नवंबर को चंडीगढ़ में हरियाणा विधानसभा सदस्य के रूप में शपथ लेंगे। इस दौरान भी कांग्रेस पार्टी के सभी विधायक चंडीगढ़ में मौजूद रहेंगे। राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र सिंह हुड्डा भी इस दौरान नरवाल के साथ रहेंगे।
जीत के जश्न में नेताओं की एकजुटता चाहते हैं बंसल
बरोदा उपचुनाव की जीत के बावजूद प्रदेश कांग्रेस प्रभारी संगठन की दृष्टि से एकएक कदम फूंक-फूंककर रख रहे हैं। बंसल चाहते हैं कि पार्टी का अब कोई कार्यक्रम या प्रदर्शन हो, इसमें पार्टी नेताओं की एकजुटता अवश्य दिखाई दे। इसके लिए वह प्रदेश में सह प्रभारी रहते हुए अपने 2004 से 2005 के एक साल के कार्यकाल में किए कार्यों को भी याद करा रहे हैं। उस समय पार्टी नेतृत्व ने चौधरी भजन लाल के साथ भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कुमारी सैलजा, रणदीप सुरजेवाला, ओपी जिंदल, सुरेंद्र सिंह, विनाेद शर्मा को भी बराबर का सम्मान दिया था। इसी के चलते 2005 में कांग्रेस ने राज्य में 67 सीट लेकर सरकार बनाई थी।
कुलदीप बिश्नोई को भी मुख्य धारा में सक्रिय करना चाहती हैं सैलजा
पूर्व सीएम भजन लाल के राजनीतिक वारिस कुलदीप बिश्नोई को राज्य की राजनीतिक की मुख्य धारा में सक्रिय करने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने अलग से प्रयास शुरू कर दिए हैं। सैलजा ने विधानसभा चुनाव के दौरान भी पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के सामने कुलदीप बिश्नोई के हितों काे साधकर रखा था। अब सैलजा चाहती हैं कि कुलदीप बिश्नोई राज्य की राजनीति की मुख्य धारा में काम करें तथा प्रदेश भर में चौधरी भजन लाल को चाहने वालों को सीधे तौर पर पार्टी से जाड़ें।