42 साल कांग्रेस व एक साल भाजपा, लेकिन सिस्टम वही : बीरेंद्र
केंद्रीय ग्रामीण व पंचायत मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह ने कहा कि 42 साल तक कांग्रेस में रहा और एक साल से भाजपा में हूं, लेकिन सिस्टम में कोई बड़ा अंतर नहीं हैं। बाद में उन्होंने बात को संभालते हुए कहा कि सरकार बदल जाती है लेकिन ब्यूरोक्रेसी में अंतर नहीं आता।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। बेबाक तरीके से बात रखने वाले केंद्रीय ग्रामीण व पंचायत मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह ने कहा कि 42 साल तक कांग्रेस में रहा और एक साल से भाजपा में हूं, लेकिन सिस्टम में कोई बड़ा अंतर नहीं हैं। हालांकि बाद में उन्होंने बात को संभालते हुए कहा कि सरकार बदल जाती है लेकिन ब्यूरोक्रेसी में कोई अंतर नहीं आता है।
वह यहां पत्रकारों से बात कर रहेथे। बीरेंद्र सिंह से जब पूछा गया कि क्या दोनों पार्टियां एक ही जैसी हैं,तो उन्होंने कहा कि बात ब्यूरोक्रेसी की है। ब्यूरोक्रेसी में सुधार की जरूरत है। उसमें कोई अंतर नहीं आया है। इसके साथ ही उन्हाेंने कहा कि एक साल में पूर्ण रूप से भाजपा को समझ पाना संभव नहीं है।
सूटबूट वालों की नहीं मजबूत आर्थिकता देने वाली है सरकार
केंद्रीय मंत्री ने राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि केंद्र में सूट-बूट वालों की सरकार नहीं बल्कि आर्थिक रूप से मजबूती देने वाले की सरकार है। आजादी के 68 वर्षों में जहां 3.40 करोड़ बैंक खाते खुले थे। अब जनधन योजना के माध्यम से ये 18 करोड़ से ज्यादा हो गए हैं। यानी 14.60 करोड़ से ज्यादा लोग सीधे रूप से देश की आर्थिकता से जुड़े हैं। ऐसी सोच आज तक किसी भी प्रधानमंत्री में देखने को नहीं मिली। इसके भविष्य में अच्छे परिणाम सामने आएंगे।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हर घर में शौचालय के बाद अब गांवों में 2.95 करोड़ मकान बनाए जाएंगे, जिसमें केंद्र सरकार 54.7 फीसदी देगी और बाकी राज्य सरकार को डालना होगा।
स्मार्ट गांव बनाएगा ग्रामीण विकास मंत्रालय
ग्रामीण विकास मंत्रालय स्मार्ट गांव बनाएगा। इसके लिए गांवों को मिलाकर 300 क्लस्टर विकसित किए जाएंगे। 25 से 50 हजार की आबादी वाले एक कलस्टर में सभी प्रकार की शहरी सुविधाएं दी जाएंगी। जैसे स्ट्रीट लाइट, पेयजल, सीवरेज की सुविधा आदि। चौधरी बीरेंद्र ने सभी फसलों की एमएसपी की हिमायत करते हुए कहा कि सभी किसानों को एमएसपी का लाभ नहीं मिल पा रहा हैं।